छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: नहाने के दौरान पैर फिसलने से 12 साल का बच्चा सागर नदी में बह गया। हादसा गुरुवार को कदमा थाना के शास्त्रीनगर ब्लाक संख्या चार के पास खरकई नदी में हुआ। जानकारी के बाद पुलिस ने गोताखोर की मदद से बच्चे की खोज कराई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। गोताखोरों की मानें तो बच्चा पानी के तेज बहाव में बह गया है।

दिन 1.30 बजे मिली जानकारी

सागर के पिता सोहन नाग और मां हर दिन की तरह सुबह काम के लिए घर से चले गए। घर में सागर की बड़ी बहन नेहा नाग(14) थी। नेहा ने बताया कि वह खाना बना रही थी। इस बीच भाई नदी में नहाने को चला गया। दोपहर डेढ़ बजे उसे घटना की जानकारी मिली। बहन के अनुसार घर में बाथरूम है, लेकिन बीते तीन दिन से भाई नदी में नहाने जा रहा था। नदी तट पर नहाने के दौरान ही भाई का पैर फिसल गया जिससे वह डूब गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शहर में चार दिन तक लगातार बारिश होने के कारण खरकई और स्वर्णरेखा नदी उफान पर है। बुधवार को उलीडीह थाने की पुलिस ने शंकोसाई रोड नंबर एक श्यामनगर के स्वर्णरेखा नदी से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया था।