- शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए डीएम ने की बैठक

- यातायात नियम तोड़ने वालों का कटेगा चालान

Meerut: शहर के 13 चौराहों को आदर्श चौराहा बनाया जाएगा। शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए डीएम बी। चंद्रकला ने मंगलवार को कलक्ट्रेट स्थित बचत भवन में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। आज से पीक ऑवर्स पर प्रभावी कार्ययोजना के निर्देश भी डीएम ने अधीनस्थों को दिए हैं।

ये होंगे मॉडल चौराहे

मेरठ के बेगम पुल चौराहा, घंटाघर चौराहा, हापुड़ अड्डा, बागपत अड्डा (फुटबाल चौक), ईव्ज चौराहा, वेस्ट एंड रोड, जीरोमाइल, रेलवे रोड चौराहा, तेजगढ़ी चौराहा, साकेत चौराहा, जेल चुंगी चौराहा, भूमिया का पुल चौराहा और लिसाडी गेट चौराहे को आदर्श चौराहे के तौर पर विकसित किया जाएगा। बुधवार से पीक आवर्स में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक और सायं 5 बजे से 7 बजे तक विशेष निगरानी के निर्देश डीएम ने दिए हैं। साथ ही जन सामान्य से अपील की कि वह यातायात नियमों का पालन करें।

खड़े नहीं होंगे ई-रिक्शा

डीएम ने कहा कि चौराहों से 50 मीटर की दूरी पर कोई वाहन, ई रिक्शा आदि खड़े नहीं होंगे। संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल के साथ शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। यातायात नियंत्रण में लगे व्यक्तियों को पहचान पत्र, कैप, मास्क व फ्लोरोसेंट जैकेट दिया जाएगा और उनका आईक्यू टेस्ट लिया जाएगा। मॉक ड्रिल, सेन्ट्रेलाईजड ड्यूटी चार्ट भी बन रहा है। एसपी यातायात किरन यादव ने बताया कि यातायात नियमों का पालन न करने वालों के चालान काटे जाएंगे। एडीएम सिटी मुकेश चन्द्र ने बताया कि एमसीएमआई व स्कूल प्रबंधन द्वारा 50 गार्ड, 100 ड्राईवर व 50 एनसीसी कैडेट्स उपलब्ध कराए जाएंगे। नागरिक सुरक्षा कोर (सिविल डिफेंस) के 250 स्वैच्छिक कार्यकर्ता भी अपना सहयोग देंगे।

ये रहे मौजूद

सीडीओ विशाख जी, एडीएम फाइनेंस गौरव वर्मा, एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी, एसपी रुरल श्रवण कुमार सिंह, उपनियन्त्रक सिविल डिफेंस सीएम मीना, डीआईओएस श्रवण कुमार यादव, यातायात निरीक्षक, विशाल जैन, एसके शर्मा, अमित अग्रवाल, अमित नागर, विपुल सिंघल आदि मौजूद थे।