LUCKNOW:

सभी मेट्रो स्टेशन पिकनिक स्पॉट बने हैं और मेट्रो ट्रेन ट्वॉय ट्रेन बनी है। हाल यह है कि लोगों को ट्रांसपोर्ट नगर से चारबाग आना-जाना जरूरी हो या नहीं, इसके बावजूद वह मेट्रो में सफर कर रहे हैं। राजधानी में पहली बार मेट्रो में सफर करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी के चलते गुरुवार को भीड़ और बढ़ गई। लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन (एलएमआरसी) भी लखनवाइट्स की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए सुबह से ही संचालन स्टार्ट कर दिया और चार मेट्रो के दम पर लोगों के सपने को पूरा करना शुरू किया।

 

कम नहीं हो रहा है क्रेज

कामर्शियल रन के पहले दिन मेट्रो में आई खराबी के बावजूद इसमें सफर करने का क्रेज पब्लिक में बढ़ता जा रहा है। पहले दिन जहां राजधानी में मौजूद आठ विभिन्न मेट्रो स्टेशनों से 31 हजार से अधिक लोगों ने सफर किया, वहीं दूसरे दिन सफर करने वालों की संख्या 28216 रही। कॉलेज के स्टूडेंट से लेकर फैमिली तक मेट्रो में सिर्फ सफर करने पहुंच रही हैं।

 

पकड़ा गया 20 किलो मसाला

राजधानी में पिछले दो दिनों में मेट्रो में सफर करने के लिए पहुंचे लोगों के पास से पान मसाले और गुटखा के 20 किलो पाउच जब्त किए गए। तलाशी अभियान के दौरान और स्टेशनों पर मौजूद सुरक्षा गार्ड ने यात्रियों के पास से यह पाउच बरामद किए। चेकिंग काउंटर पर मौजूद गार्डो ने यात्रियों की पॉकेट से गुटखा के पाउच निकलवा कर जमा करवाया गया। एलएमआरसी ने इसे एक कबाड़ी वाले को दे दिया। लेकिन अब एलएमआरसी इन पाउचों को निस्तारण के लिए नगर निगम को सौपेंगी।

 

अब तक नहीं आई जांच रिपोर्ट

पहले दिन मेट्रो में आई तकनीकी खराबी के कारणों का पता अब तक एलएमआरसी की टीम नहीं लगा सकी है। एलएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि खराबी की जांच मेट्रो सप्लाई करने वाली कंपनी एलस्टाम को दी गई है। उसके इंजीनियर इसकी जांच में जुटे हैं। सीनियर पीआरओ एलएमआरसी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि अभी कोई जांच रिपोर्ट नहीं आई है।

 

कम हो गए वाहन

मेट्रो संचालन के चलते ट्रांसपोर्ट नगर से चारबाग तक यात्रा करने वाले अब ऑटो, टैम्पो, ई रिक्शा और ओला का रुख नहीं कर रहे हैं। अब जहां ट्रांसपोर्ट नगर से चारबाग तक ढेरों वाहन मिलते थे वहीं अब दोनों छोर पर आज दस से बारह गाडि़यां ही खड़ी मिली।