- दो यात्री को गंभीर स्थिति में किया गया रेफर

- बस में फंसे लोगों को अथक प्रयास के बाद निकाला गया बाहर

- घायलों के चीत्कार से गांव में मचा कोहराम

PATNA/BIHARSHARIFF: यात्रियों से भरी बस हरनौत के छतियाना गांव में गड्ढे में पलटने से करीब दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। लोगों में घंटों कोहराम मचा रहा। गंभीर रूप से जख्मी दो यात्रियों को रेफर किया गया है। बस पटना जिले के सकसोहरा बस स्टैंड से बिहारशरीफ के लिए चली थी। चालक ने ओवरटेक के दौरान नियंत्रण खो दिया और बस पानी से भरे गड्डे में जा पलटी। जहां बस के अंदर से लोगों की चिल्लाने की आवाज गूंजने लगी। वहीं बस चालक व खलासी फंसे यात्रियों को छोड़कर फरार हो गया। लोगों की आवाज सुन आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और सूचना पुलिस को दी। ग्रामीणों ने पुलिस के सहयोग से बस में फंसे महिला एवं पुरुष यात्रियों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। पटना जिले के बेलछी थाना के सुमित कुमार, पुनम देवी, अंदौली के रुकमिणी देवी, दुलारी देवी, हरनौत के बरन केवट, अरुण कुमार, रमसखिया देवी, सीमा कुमारी, बकरा गांव निवासी लालपड़ी देवी, नीलम देवी, मकनपुर के माया देवी, फतुहा के सुभम कुमार, इमली देवी समेत अन्य यात्री जख्मी हो गए।

फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला

कुछ लोगों को हरनौत स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया तथा कुछ का इलाज छतियाना के निजी क्लीनिक में कराया गया। गंभीर रूप से घायल सुमित कुमार को हरनौत स्वास्थ्य केन्द्र से पटना रेफर किया गया। वहीं माया देवी को बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर किया गया। ग्रामीणों की मानें तो पुलिस द्वारा बुलाई गई किरान से बस को बाहर निकाला गया और बस में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।