- एसओ खोजबीन करने में करते हीलाहवाली

- हर माह जिला जज की अध्यक्षता

में होती समीक्षा

फतेहपुर: पुलिस लापता बच्चों को खोजने में लापरवाही बरत रही है। तीन वर्ष के अंतराल में 30 बच्चे अभी भी गुम हैं। इनके परिजन पुलिस अधिकारियों की चौखट में आते है और रोते-बिलखते हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिलता है। हालांकि जिला जज अली जामिन ने पुलिस अधिकारियों पर बच्चों को खोजने में सुस्ती बरतने पर नाराजगी जताई है।

वर्ष 2004 से अब तक 354 बच्चे लापता हुए थे, जिसमें 324 मिल चुके हैं। गायब 30 बच्चों में 10 लड़कियां शामिल हैं। दो बच्चे तो तीन दिन पहले गायब हुए हैं। गुम बच्चों की खोजबीन में तेजी लाने के लिए पुलिस अधिकारी एसओ को दिशा निर्देश भी देते हैं, लेकिन थाने की पुलिस सक्रिय नहीं हो रही है। जिला जज की अध्यक्षता में हर माह गुम बच्चों को खोजने के लिए बैठक भी होती है। बैठक में डीएम एवं एसपी के अलावा कई सदस्य भी रहते हैं। कई बार जिला जज ने गुम बच्चों को न खोज पाने पर नाराजगी व्यक्त की है।

जिला जज के रूख पर एसपी ने एसओ को निर्देश दिए है कि गुम बच्चों की खोजबीन में तेजी लाएं। मिसिंग सेल प्रभारी केएल वर्मा के मुताबिक सर्वाधिक बच्चे सदर कोतवाली, बिंदकी, धाता, किशुनपुर, गाजीपुर, जहानाबाद, असोथर, बकेवर, चांदपुर आदि के हैं। सेल प्रभारी ने बताया कि डेढ़ दर्जन एसओ को गुम बच्चों को खोजने में शिथिलता बरतने पर नोटिस दी गई है।

इनसेट

पुलिस टीमें लगी हैं बच्चे मिल रहे

-एसपी विनोद कुमार सिंह का कहना है कि गुम बच्चों को खोजने में पुलिस टीमें लगी हुई हैं। दावा किया कि जल्द ही गुम बच्चों को खोजने में कामयाबी मिलेगी।

इनसेट

थानों में विशेष किशोर सेल गठित

- गुम बच्चों को खोजने के लिए थानेवार विशेष किशोर सेल गठित है। जिसमें एक पुरुष, एक महिला दरोगा के साथ तीन सिपाही नियुक्त हैं। इस सेल का कार्य केवल गुम बच्चों को खोजने का है।

इनसेट

दो बच्चे और गायब

- जिले के ललौली थाने के बहुआ कस्बे की 7 वर्षीय बालक कृष्णा पुत्र विवेक गुप्ता एवं गाजीपुर थाने के हसनापुर गांव के 11 वर्षीय चेतन पुत्र राकेश तीन दिन पहले गायब हो गए हैं। इनकी गुमशुदगी थाने में दर्ज हो गई है।

इनसेट

थानेवार गायब बच्चों की संख्या

कोतवाली सदर - 1

कोतवाली बिंदकी - 3

कोतवाली खागा - 3

औंग - 2

कल्यानपुर - 3

बकेवर - 2

धाता - 1

किशुनपुर - 2

हथगाम - 3

हुसेनगंज - 2

असोथर - 2

जाफरगंज - 3

सुल्तानपुर घोष - 3