- विधानसभा चुनाव और निकाय चुनाव में लाइसेंसी हथियारों की जांच में हुआ खुलासा

- जिला प्रशासन से लेकर गोरखपुर पुलिस की बढ़ गई है परेशानी

-जिला प्रशासन और पुलिस के आंकड़ों में है अंतर

GORAKHPUR: गोरखपुर जिले से करीब 5368 असलहाधारी गायब हो गए हैं। इससे पुलिस से लेकर जिला प्रशासन तक की परेशानी बढ़ गई है। यह खुलासा बीते विधानसभा और निकाय चुनाव के दौरान जांच में हुआ है। बताया जाता है कि चुनाव के दौरान पुलिस सत्यापन में 16100 लाइसेंसी असलहे मिले हैं। इसी संख्या पर दोनों चुनाव संपन्न हुए। जबकि, जिला प्रशासन के लाइसेंस विभाग में लाइसेंसधारियों की संख्या 21,468 है।

डीएम को पत्र लिखकर हुअा था चुनाव

गोरखपुर में गायब चल रहे 5368 लाइसेंसी असलहों की जानकारी होने पर चुनाव के दौरान पुलिस व प्रशासन की बेचैनी बढ़ गई थी। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद जब इन लाइसेंसधारियों का कुछ पता नहीं चला तो इसे लेकर बीते निकाय चुनाव के दौरान चुनाव सेल की ओर से डीएम को पत्र भी लिखा गया। इसमें तत्कालीन जिला निर्वाचन अधिकारी को बताया गया कि जिले में लाइसेंसी असलहों की संख्या 21,468 है। जबकि, पुलिस सत्यापन में महज 16,100 लाइसेंसी असलहे ही मिले हैं। इसके बाद डीएम के आदेश पर चुनाव संपन्न हुआ।

किसी का पूरा पता नहीं तो किसी का हो गया ट्रांसफर

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि 53,68 ऐसे लाइसेंसधारी हैं, जिन्होंने किसी समय में गोरखपुर में लाइसेंस तो बनवा लिया। लेकिन बाद में इनमें से अधिकांश लोगों का पता पूरा नहीं होने से खोजा नहीं जा सका। पुलिस का दावा है कि लाइसेंसधारियों में तमाम पुलिसकर्मी और सेना के जवान भी शामिल होते हैं। ऐसे में इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि इनमें से तमाम लाइसेंसधारियों के ट्रांसफर हो जाने से इनका सत्यापन नहीं हो सका।

फैक्ट फाइल

जिला प्रशासन की लिस्ट में हैं 21,468 लाइसेंस

पुलिस सत्यापन की लिस्ट में हैं 16100 लाइसेंस