बुद्धा प्लाजा से छलांग लगाकर युवक ने दी जान, अपने प्यार को लिखा लास्ट वर्ड

- गया के इमामगंज का रहने वाला जितेन्द्र बुद्ध मार्ग स्थि्त बुद्धा प्लाजा के फोर्थ फ्लोर से कूदा

- मरने से पहले छोड़ा सुसाइड नोट, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

PATNA: 'प्रतिमा आई लव यू.मेरे मरने की खबर प्रतिमा को और मेरे पापा को दे देना'। बुद्धा प्लाजा से कूदने से पहले वह सुसाइड नोट छोड़ गया था। नोट में दो नम्बर भी लिख दिया था। गुरुवार की सुबह वह बुद्धमार्ग के बुद्धा प्लाजा से कूद गया। कूदने के बाद उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाने की पुलिस वहां पहुंची। जितेन्द्र बभनडीह इमामगंज गया का रहने वाला था। पुलिस ने बताया कि वह सुबह आया है, उसके पास से कई कागजात मिले हैं। जो नम्बर उसने लिखा था, उसपर फोन कर पुलिस ने इसकी जानकारी उसके घर वालों को दी।

पत्‍‌नी को आई लव यू लिख दी जान

जितेन्द्र के बैग से कई सामान मिले हैं। इसमें एक सर्टिफिकेट भी मिला है। यह सर्टिफिकेट प्रतिमा का है, जिसमें प्रतिमा के पति के रूप में जितेन्द्र का नाम दर्ज है। पुलिस यही मानकर चल रही है कि प्रतिमा उसकी पत्‍‌नी है, जिससे वह काफी प्यार करता था और मरने से पहले यह बताकर उसने सुसाइड किया है। हालांकि उसके घरवालों का कहना है कि उसने शादी नहीं की थी, पर शादी की बात दोनों अक्सर किया किया करते थे। जितेन्द्र के मौसेरे बहनोई धनेश प्रजापति जो उसके पिता के साथ पटना आए हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिमा जमुई की रहने वाली थी। आखिर किस कारण उसने सुसाइड किया और इसके लिए उसने बुद्धा प्लाजा को ही क्यों चुना? क्या वह वहां किसी काम से आया था या फिर वहां आसपास से उसका कोई रिश्ता है। इस बात पर भी पुलिस छानबीन कर रही है। उसका आई कार्ड भी पुलिस ने उसके बैग से बरामद किया है, जिसमें कपड़े और डायरी मिली है।

रहता था कुर्जी बालू पर

जितेन्द्र के रिश्तेदार धनेश प्रजापति ने बताया कि वह कुर्जी बालू पर रहता था। वहां कमलेश पाठक के मशरूम बीज लैब में काम भी करता था। दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा जितेन्द्र ही था। उसके मोबाइल पर आखिरी बार किससे बात हुई थी और क्या बात हुई, इसका पता पुलिस लगाएगी।

जमुई से आ रही थी प्रतिमा

पुलिस को जब सुसाइड नोट पर नम्बर मिला, तो उसने प्रतिमा वाले नम्बर पर फोन किया। फोन पर जैसे ही जितेन्द्र के कूदने की की जानकारी दी, वह फूट-फूट कर रोने लगी। वह पहले से ही ट्रेन पर चढ़ चुकी थी। उसने कहा कि मैं आ ही रही हूं, उसको बचा लीजिए जो पैसा लगेगा हम खर्च करेंगे। हांलाकि प्रतिमा की बातों ये यह पता चला कि वह पटना ही आ रही थी। उसे पूरी जानकारी दी। हो सकता है उसका जितेन्द्र के साथ मिलने का प्लान हो। वैसे जितेन्द्र के पास से एक लाल गुलाब का फूल भी मिला, जो शायद वह प्रतिमा के लिए ही लाया हो। प्रतिमा और जितेन्द्र का रिलेशन कितना और किस हद तक था, यह उससे पूछताछ के बाद ही क्लीयर हो जाएगा। हो सकता है कि दोनों ने घरवालों को बिना बताई शादी रचाई हो और अब घर वालों के कारण दोनों में प्रॉब्लम आ रही हो। पुलिस हर बिन्दू पर जांच कर रही है। सिटी एसपी आशीष भारती ने बताया कि यह पूरी तरह सुसाइड का मामला है और इसमें लड़की जुड़ी है। घरवालों से बातचीत के बाद ही पूरी बात सामने आ सकेगी।