- दो मजदूर बुरी तरह झुलसे, लाखों का नुकसान हुआ, फायर ब्रिगेड ने चार घंटे में आग पर काबू पाया

KANPUR : बाबूपुरवा में गुरुवार को पान मसाला फैक्ट्री में बॉयलर फटने से भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग पूरी फैक्ट्री में फैल गई। धमाके से फैक्ट्री की दीवार पड़ोसी ट्रांसर्पोटर की छत पर जा गिरी। आग की चपेट में आने से दो मजदूर भी झुलस गए। लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हुए। फायर बिग्रेड की आठ गाडि़यों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक फैक्ट्री जलकर खाक हो चुकी थी।

टीपी नगर में राजेश शुक्ला की विंध्यवासिनी तंबाकू नाम से फैक्ट्री है। इसमें पान मसाला बनता है। बुधवार रात फैक्ट्री में सुपरवाइजर संतोष कुमार की देखरेख में महेश सिंह, सत्य प्रकाश पांडेय, राकेश यादव, राजकुमार और गेंदाराम काम कर रहे थे। सुबह करीब चार बजे फैक्ट्री का बॉयलर धमाके के साथ फट गया। इससे आग पूरी फैक्ट्री में आग फैल गई।

आठ फायर ब्रिगेड की गाडि़यों की मदद

मजदूर जान बचाने के लिए फैक्ट्री के बाहर आ गए, लेकिन महेश और सत्यप्रकाश अंदर फंस गए। वे गंभीर रूप से झुलस गए। उनको इलाकाई लोगों ने किसी तरह निकाला। इस बीच फैक्ट्री का एक और बॉयलर धमाके के साथ फट गई। इससे फैक्ट्री की दीवार पड़ोसी की छत पर जा गिरी। मीरपुर फायर स्टेशन से आठ फायर ब्रिगेड की गाडि़यों की मदद से आग को बुझाया। फैक्ट्री मालिक ने नुकसान के बारे में अभी नहीं बताया है, लेकिन लाखों का नुकसान होने की जानकारी सामने आ रही है। एफएसओ का कहना है कि शार्ट सर्किट या बीड़ी, सिगरेट से आग लगना प्रतीत हो रहा है।

दम घुटने पर घरों से बाहर आए लोग

फैक्ट्री में आग लगने पर धुआं आसपास के मकान और ऑफिस में घुस गया। सुबह का समय होने से ऑफिस बंद थे, लेकिन मकानों में धुआं भरने से लोगों का दम घुटने लगा। उनको सांस लेने में मुश्किल हो रही थी। इसके चलते वे परिवार के साथ घर के बाहर आ गए।