आगरा। थाना न्यू आगरा पुलिस की सतर्कता से ओडिसा से तस्करी कर लाई गई युवती को बचा लिया। पुलिस ने ओडिसा पुलिस से सम्पर्क कर युवती को परिजनों के सुपुर्द किया है। भगवान टॉकीज चौराहे पर एक युवक युवती को साथ लेकर जा रहा था। थाना न्यू आगरा पुलिस ड्यूटी पर थी।

ओडिसा पुलिस से किया सम्पर्क

युवती ने पुलिस को देखा तो वह उसी तरफ चलने लगी। युवक उसे रोकने का प्रयास कर रहा था। पिकेट ने ये देखा तो युवक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस युवती को थाने लाई यहां पर उससे पूछताछ की तो पता चला कि वह हिंदी नहीं जानती थी। वह मात्र उडि़या जानती थी। वह इतना ही बता पाई कि उसका नाम सुरेखा, ओडिसा, सुंदरगढ़ है। इसके बाद पुलिस ने उसे राम लाल वृद्धाश्रम में ठहरवा दिया। पुलिस ने मामले में ओडिसा पुलिस से सम्पर्क किया। एसपी सुंदरगढ़ ने सेट पर सभी थानों क्षेत्रों से जानकारी की तो पता चला कि थाना तलसरा में उसके परिजनों ने मानव तस्करी में मुकदमा दर्ज कराया हुआ है। वहां की पुलिस ने युवती के परिजनों को सूचना दी।

परिजनों के सुपुर्द किया

23 फरवरी को तलसरा से सहायक एसआई विनोद चंद्र टोपो व महिला सिपाही एस। कजूर व पीडि़ता की बहन रामलाल वृद्धाश्रम पहुंच गए। पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया। इसके आगे की कार्रवाई ओडिसा की पुलिस करेगी। पुलिस की चलते युवती के साथ संगीन घटना होने से बच गई।