-बांग्लादेश से आई नकली नोटों की खेप, एनआईए की मदद से फीलखाना पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

- 500 के 2.97 लाख कीमत के नकली नोट बरामद

>kanpur@inext.co.in

KANPUR: नेशनल इंवेस्टिगेटिव एजेंसी ने शहर में चल रहे नकली नोटों के देशव्यापी गठजोड़ का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में मंगलवार को 2.97 लाख रुपए कीमत के नकली नोटों के साथ सुबोध सिंह परिहार नाम के युवक को फीलखाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। एनआईए के सूत्रों के मुताबिक नोटों की यह खेप पश्चिम बंगाल के फरक्का से आई थी। सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म-9 पर इसकी डिलेवरी यहां के हैंडलर को की गई। बताते हैं कि यह नोट शहर में खपाए जाने थे।

फूलबाग से गिरफ्तारी का दावा

फीलखाना एसएचओ राम अवध सिंह ने बताया कि एनआईए के ही एक अधिकारी की सूचना पर नकली नोटों के साथ आए गजनेर के सुबोध सिंह परिहार को फूलबाग से अरेस्ट किया है। उसके पास से 2.97 लाख रुपए के 500 के नकली नोट मिले हैं। पूछताछ में सुबोध सिंह के दो साथियों असद उस्मान उर्फ पिंटू और इकबाल हुसैन की जानकारी मिली है। दोनों ही पश्चिम बंगाल के मालदा के रहने वाले हैं। पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि नोटों की यह खेप बांग्लादेश से आई थी। एसपी ईस्ट देवरंजन वर्मा ने बताया कि सुबोध से और पूछताछ के लिए उसे रिमांड पर लिया जाएगा।