-बड़ागांव में पड़ोस के दो लोगों ने आशा कार्यकत्री के साथ किया गैंग रेप

-आरोपी फरार, पुलिस ने रेप समेत कई अन्य धाराओं में केस किया दर्ज

VARANASI

इसे बदलते वक्त का तकाजा कहें या फिर रिश्तों में बढ़ रही तल्खी। जिसके कारण लोग अब अपराध करने के लिए रिश्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं। ताजा मामला बड़ागांव का है। यहां कूड़ी गांव की रहने वाली एक आशा कार्यकत्री संग सोमवार की सुबह पड़ोस के ही दो लोगों ने गैंग रेप किया। रेप की शिकार हुई महिला की हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे घटनास्थल पर ही बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग निकले। पीडि़त महिला ने दो लोगों के खिलाफ दलित उत्पीड़न सहित गैंग रेप का केस दर्ज कराया है। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।

रात में गई थी काम पर

आशा कार्यकत्री रविवार शाम को अपने गांव से एक महिला को लेकर डिलीवरी कराने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर आयी थी। देर रात प्रसव होने के कारण वो वहीं रुक गई। सुबह होने पर वह अस्पताल के गेट पर खड़ी होकर घर जाने के लिए साधन का इंतजार कर रही थी। आरोप है कि इसी बीच उसके गांव के ही दो लोग महेन्द्र व मंगला राजभर बाइक से वहां पहुंचे और दोनों ने उससे कहा कि बहन घर चलना है तो चलो हम लोग भी घर जा रहे हैं। परिचित होने के कारण वह उन दोनों के साथ बाइक पर बैठ गयी।

ले गए सुनसान जगह पर

महिला का आरोप है कि इस दौरान दोनों युवक उसे बाइक से लेकर गांव की तरफ चले और रास्ते में सुनसान जगह पर उसे ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। जिससे आशा कार्यकत्री बेहोश हो गयी। कुछ देर बाद होश में आने पर उसने अपने पति को फोन कर अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इस पर पति मौके पर पहुंच गया और पत्नी को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचा और यहां उपचार शुरू हुआ। इस बीच रेप की खबर पूरे गांव में फैल गई। जिसके बाद आशा संघ की जिलाध्यक्ष विजेता सिंह मौके पर पहुंच गईं। वह पीडि़ता को लेकर बड़ागांव थाने पहुंचीं। जहां पुलिस ने पीडि़ता के लगाये गये आरोप पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा फ्7म् सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। एसओ बड़ागांव का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।