जूनियर बच्चन पत्‍‌नी ऐश्वर्या राय व बेटी आराध्या के साथ पहुंचे संगम

संगम में ऐश्वर्या राय ने पिता कृष्ण राज राय की अस्थियां की विसर्जित

विसर्जन के दौरान पुरोहितों ने बुलाया तो हाथ जोड़कर चले गए अभिषेक

ALLAHABAD: बॉलीवुड की मशहूर जोड़ी अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन बेटी आराध्या के साथ शनिवार को संगम नोज पहुंचे। उनके साथ ऐश्वर्या राय के परिवार के सदस्य भी थे। वे यहां ऐश्वर्या राय के पिता कृष्णराज राय की अस्थियां विसर्जित करने आए थे। बेहद गोपनीय इस प्रोग्राम की किसी को कानोकान खबर नहीं थी। पुरोहितों का इंतजाम भी वाराणसी से किया गया था। करीब दो घंटे तक दोनो यहां रहे और पूरे विधि विधान से सभी कार्य पूरे कराए।

चार्टर्ड विमान से आए थे

ऐश्वर्या-अभिषेक के साथ उनका परिवार चार्टर्ड विमान से यहां पहुंचा था। विमान बमरौली एयरपोर्ट पर लैंड हुआ और फिर पूरा परिवार निजी वाहन से सीधे बोट क्लब पहुंचा। यहां उनके लिए मोटरबोट का इंतजाम था। यहां से सभी संगम तट पर पहुंचे। तीर्थ पुरोहित प्रमोद मिश्रा ने बताया कि मैंने जोर से आवाज लगाई 'बाहर आइए, बाहर आइए बच्चन जी', तो वहां मौजूद लोग आश्चर्यचकित रह गए। अभिषेक बच्चन बाहर नहीं आए सिर्फ हाथ जोड़कर पुरोहितों का अभिवादन स्वीकार किया। एक स्टीमर पर पूरा परिवार और दूसरे पर पुलिस अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि अस्थियां विसर्जित करने के दौरान जब पुरोहितों ने अभिषेक को आवाज दी तो उनके मैनेजर बाहर निकले। मैनेजर ने पूछा कि आप कितने लोग हैं? 11 लोग बताने पर उन्होंने साढ़े पांच हजार रुपया दक्षिणा दी। उसके बाद सभी वहां से निकल गए।