- 25 नवंबर को दीवानी से पेशी के दौरान पुलिस को गच्चा देकर हुआ था फरार

- पुलिस ने दबाव बनाने के लिए परिजनों पर कसा शिकंजा, तो किया बंदी ने समर्पण

आगरा। दीवानी से पेशी के दौरान भागे जिस बंदी को पुलिस शहर में तलाश कर रही थी, वह गोवा में गर्लफ्रेंड के साथ घूम रहा था। पुलिस ने दबाव बनाने के लिए परिजनों पर शिकंजा कसा, तो बंदी ने शुक्रवार को एक नेता के यहां समर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।

गिनती के दौरान हुई थी जानकारी

नैनाना जाट निवासी जीतू पुत्र ओमप्रकाश हत्या के मामले में जिला जेल में निरुद्ध था। वह 25 नवंबर को दीवानी से पुलिस को गच्चा देकर भाग निकला। गिनती के दौरान इसकी जानकारी हुई। पुलिस ने दबाव देने के लिए उसके माता-पिता को पकड़ा था। साथ ही पुलिस उसकी शहर में तलाश कर रही थी। जीतू ने शुक्रवार को एक नेता के यहां पर आकर समर्पण कर दिया। यहां से पुलिस उसे थाने ले गई। उसने बताया कि वह दादी से बहुत प्यार करता है। उसकी दादी की तबियत खराब थी। वह दादी को देखने के लिए भागा था, लेकिन घर पर दादी नहीं मिली तो वह अपनी गर्ल फ्रेंड को लेकर गोवा घूमने चला गया। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।