RANCHI: लोअर बाजार थाना पुलिस ने छात्रा का यौन शोषण करने, गर्भपात कराने व रविवार को पेट्रोल छिड़क कर जिंदा जलाने के प्रयास मामले में फरार लॉज संचालक महेंद्र जायसवाल के भाई को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस उस पर आरोपी महेंद्र जायसवाल व उसकी पत्‍‌नी रीमा जायसवाल को हाजिर करने के लिए दबाव बना रही है। थाना प्रभारी ललन ठाकुर ने सोमवार को बताया कि पीडि़त छात्रा के बयान पर भादवि 376, 495, 312 व 307 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

वीमेंस साइंस ब्लॉक के पीछे रहती थी छात्रा

छानबीन में पता चला है कि छात्रा वीमेंस साइंस ब्लॉक के पीछे स्थित वर्मा लॉज में रहती थी। इस संबंध में लॉज के संचालक पप्पू कुमार ने बताया कि छात्रा दो-ढाई साल पहले उसके यहां रहने के लिए आई थी। इसके बाद वह घर जाने की बात कह कर यहां से चली गई। दो-तीन महीने पूर्व वह उनके लॉज में आई, लेकिन वह वर्तमान में यहां नहीं रहती है।

पहले भी विवादों में रहा है महेंद्र

छात्रा ने जिस महेंद्र जायसवाल पर शादी का प्रलोभन देकर पांच साल यौन शोषण करने व गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। वह पहले भी विवादों में रहा है। पिछले साल ही एक मामले में लोअर बाजार थाना के एक पुलिस पदाधिकारी ने प्लाजा चौक पर जब उसका कॉलर पकड़ा था, तो उसकी पैरवी एक पुलिस पदाधिकारी ने ही की थी। इसके बाद उसे छोड़ दिया गया था।

आरोपी महेंद्र को ही रिम्स में क्यों बुलाना चाह रही थी पीडि़ता

आग से 60 फीसदी झुलसी छात्रा जब रविवार को इलाज के लिए रिम्स पहुंची, तो पुलिस ने उसके परिवार वालों का कांटैक्ट नंबर मांगा। इस पर पीडि़त ने एक रिलेटिव का नंबर दिया। जब इंस्पेक्टर ने उस नंबर पर कॉल किया, तो कॉल रिसीव नहीं हुआ। जब पीडि़ता से पूछा गया कि यह मोबाइल नंबर किसका है? तो उसने बताया कि मोबाइल नंबर महेंद्र जायसवाल का है। वह आरोपी को ही रिम्स बुलाना चाह रही थी। उसने कहा कि रांची में उसका परिवार वाला कोई नहीं रहता है। फिर, जब दूसरे रिलेटिव का नंबर पूछा गया तो उसने अपने बहनोई का नंबर दिया। बहनोई छात्रा के भाई को लेकर रिम्स भी पहुंचा था। पीडि़त छात्रा का भाई नामकुम थाना क्षेत्र के रमजान कॉलोनी में स्कूल चलाता है। वह बिहार के मुंगेर जिले के धरहरा गांव का रहनेवाला बताया जा रहा है। पीडि़ता ने यह भी बताया है कि उसका मकान चतरा जिले में भी है।

सवाल ये भी हैं

-यदि छात्रा यहां पढ़ने आई थी, तो वह अपने परिवार के बारे में पुलिस को क्यों नहीं बताना चाह रही थी?

-पीडि़ता के मुताबिक, वह पांच सालों से रांची में रह रही है। ऐसे में उसके परिजनों ने उसकी खोज-खबर क्यों नहीं ली?

-यदि महेंद्र जायसवाल व उसकी पत्‍‌नी ने ही छात्रा को जलाने का प्रयास किया, तो वह उसे रिलेटिव बताकर रिम्स क्यों बुला रही थी?

-महेंद्र जायसवाल यदि पांच सालों से उसका शारीरिक शोषण कर रहा था, तो वह इतने दिनों तक चुप क्यों थी?

क्वोट

पुलिस मामले में सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। छात्रा 60 फीसदी जल चुकी है। उसने जो बयान दिया है उस आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

-ललन ठाकुर, थाना प्रभारी, लोअर बाजार