- अब पुलिस टीम गागा से जुड़े हर तार पर रख रही है नजर

- गुर्गे का भी कम नहीं रसूख, करोड़ों की संपत्ति का मालिक

आगरा। गागा के गुर्गो की तलाश में पुलिस टीम सिटी में घूम रही है। तीन दिन पहले पुलिस टीम ने गुर्गे के यहां पर दबिश दी थी लेकिन वह गायब मिला। इसी के बाद पुलिस ने जाल बिछा दिया है। पुलिस गागा से जुड़े लोगों पर नजर रखे हुए है, लेकिन पुलिस की दबिश को गुर्गे ने गच्चा दे दिया। अब पुलिस हाथ पर हाथ रखे बैठी हुई है। वैसे ये बताया जाता है कि गागा के गुर्गे का रसूख भी कम नहीं है। उसकी आलीशान पार्टियों में सिटी के बड़े रसूखदार हिस्सा लेते है।

दबिश से पहले हुआ फरार

पुलिस गागा की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस को सूचना मिली कि गागा का गुर्गा कमला नगर में है। चार-पांच दिन पूर्व ही वह वहां पर गया था। उसके एक रिश्तेदार ने वहां पर निर्माण कार्य कराया है। वहीं पर उसके होने की सूचना थी। पुलिस ने वहां पर जाकर दबिश दी लेकिन वहां पर कोई नहंी मिला। उसको पुलिस के आने की भनक लग गई। वह पुलिस के आने से पूर्व ही निकल गया। सूत्रों की माने तो अब उसकी लोकेशन दिल्ली में ट्रेस हो रही है। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।

बेचा था पुस्तैनी मकान

सूत्राें के अनुसार रावतपाड़ा निवासी गुर्गे का वैसे तो किराने का काम है, लेकिन उसकी आड़ में डिब्बे का कारोबार भी जोरों पर चलता है। सात साल पहले उसने मकान 60 लाख में बेच दिया था। इसके बाद उसने एक हाईफाई अपार्टमेंट में फ्लैट लेने की तैयारी की, लेकिन रुपये कम पड़े तो उसने बिल्डर को डिब्बे का शौक लगवा दिया। इसके बाद वहां के कुछ फ्लैटों का इंटीरियर का काम ले लिया। इसमें अपना कमीशन तय कर लिया।

दो फ्लैट का मालिक बना

कमीशनखोरी में उसने अपने फ्लैट का काम भी करा लिया। साथ ही अपने फ्लैट से लगा दूसरा फ्लैट भी ले लिया। उस अपार्टमेंट में सबसे बड़ा फ्लैट उसी का है। डिब्बे के काम में गुर्गे का काम ग्राहकों को फंसाना है। इसमें आने वाली कीमत का तीस प्रतिशत की हिस्सेदारी गुर्गे की होती थी। इसी कमाई से उसने अपने बड़े रसूख तैयार कर लिए।

रसियन बार बालाएं बुलाई गई

सूत्रों के मुताबिक चार महीने पहले गुर्गे के बेटे का बर्थ डे था। बर्थडे पार्टी फतेहाबाद रोड स्थित एक बड़े होटल में की गई। पार्टी ने शराब, शबाव और कबाव का पूरा इंतजाम था। बड़े रसूखदार लोग पार्टी में शामिल हुए थे। सूत्रों के मुताबिक पार्टी की शान बढ़ाने के लिए रशियन बार बालाएं बुलाई गई थीं। सूत्रों के मुताबिक दिन ढलने से रात 12 बजे तक पार्टी चली थी। इसके बाद पार्टी खत्म हो गई। इसके बाद एक बजे से चार बजे तक दूसरी पार्टी चली। इसमें शराब और शराब दोनों बहाए गए। सूत्रों की माने तो उस दौरान इतनी शराब बहाई गई कि बार बालाएं ठीक से चल भी नहीं पा रही थीं।