रात 12 बजे के बाद की गई युवक की हत्या

आगरा। थाना रकाबगंज एरिया हाथी घाट में पुराने स्ट्रेची ब्रिज के नीचे युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का सिर कुचल कर हत्या की गई थी। साथ ही पहचान मिटाने को उसे जला दिया गया। सुबह राहगीर ने शव को देखा। इसी के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने एक संदिग्ध को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

सुबह देखा था शव

हाथी घाट पर रोड का काम चलने के दौरान पार्क की तरफ से कुछ समय के लिए रास्ता बना दिया था। रोड बन जाने के बाद वह रास्ता बंद कर दिया और मुख्य मार्ग सुचारु हो गया। वह हिस्सा तभी से बंद है। गुरुवार की सुबह वहां से एक युवक गुजर रहा था। उसे पार्क के उसी स्थान पर शव पड़ा दिखाई दिया। युवक का चेहरा बुरी तरह से कुचला हुआ था।

पहचान मिटाने को जलाया

उसका सारा शरीर बुरी तरह जला हुआ भी था। मौके पर लोगों का कहना था कि मारने वाले ने पहचान मिटाने को उसके शरीर को आग लगा दी। पहचान के लिए उसके शरीर पर मात्र धारीदार शर्ट थी। युवक की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई गई है। पुलिस का कहना था कि रात 12 बजे के बाद ही वारदात की गई है चूंकि 12 बजे तक वहां पर पुलिस की सघन चेकिंग थी। तब यदि घटना होती तो युवक के चीखने चिल्लाने की आवाज जरुर आती।