आगरा। सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि आगरा अन्य जिलों के लिए एक रोल मॉडल बनेगा। सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य की राह पर आगरा अव्वल होगा। इसीके साथ समूचे देश में प्रदेश 'उत्तम प्रदेश' के तौर पर पहचाना जाएगा। उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से पिछली सपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक प्रदेश में विकास नहीं हुआ है।

लापरवाह अधिकारी अपनी आदत सुधारें

डिप्टी सीएम बुधवार को आगरा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रांतीय प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र में शिरकत करने पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में उत्तर प्रदेश देश का सबसे प्रगतिशील प्रदेश होगा। प्रदेश में विकास के नाम पर कुछ भी नहीं हो सका है। अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समय पर समस्याओं का समाधान होना चाहिए। विकास कार्यो में तेजी आनी चाहिए। लापरवाह अधिकारी अपनी आदतें सुधार लें। अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

गुंडे-माफियाओं के खिलाफ कडे़ फैसले लिए

उन्होंने कहा कि गुंडे माफियाओं के विरुद्ध बड़े फैसले लिए हैं। भ्रष्टाचार को रोके जाने के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग सहित अन्य विभागों में ई-टेंडरिंग व्यवस्था की है। जमीनों पर कब्जे करने वालों के विरुद्ध टास्क फोर्स का गठन किया जा रहा है, जो जल्द ही एक्शन में आएगी। उन्होंने कहा हमारी सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। उनके साथ छेड़छाड़ कतई सहन नहीं होगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो का गठन किया है। इससे देखने में आया है कि महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं में बेहद कमी आई है।

14 साल के कार्यो की होगी जांच

उन्होंने कहा हमारी सरकार हर वो वादे पूरे कर रही है, जो चुनाव के दौरान जनता से किए। पहली ही कैबिनेट बैठक में किसानों का कर्जा माफ किए जाने का फैसला लिया। हमारी सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि 14 साल में जितने भी प्रदेश में विकास कार्य हुए हैं, उन सभी की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी गड़बड़ी पाई जाएगी उसके लिए जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

--बॉक्स--

आप खात्मे की ओर : मौर्य

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दिल्ली में आए एमसीडी चुनाव परिणामों पर कहा कि वहां की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास व्यक्त किया है। यह इसी का नतीजा है कि भाजपा को वहां पर प्रचंड जीत मिली है। आप खत्म की ओर है।