-कैंट के खजुरी में दो बच्चों के एयरगन दिखाने के दौरान चली गोली

-बगल की छत पर मौजूद बालक को लोग छर्रा, हॉस्पिटल में एडमिट

VARANASI : कैंट एरिया के खजुरी कॉलोनी में मंगलवार की शाम बच्चों ने खेल खेल में एयरगन से गोली चला दी जो पड़ोस के एक एडवोकेट के नौ साल के बेटे विश्वास गुप्ता को जा लगी। परिजन पुलिस की मदद से घायल बालक को लेकर दीनदयाल हॉस्पिटल पहुंचे। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे की हालत खतरे से बाहर है। संयोग अच्छा था कि गोली का छर्रा विश्वास के बांयी आंख के नीचे नाक के पास लगा।

कंट्रोल रूम को दी सूचना

प्रतापगढ़ में तैनात आरटीओ कर्मी कृपांकर दुबे का खजुरी कॉलोनी में मकान है। दो मकान छोड़कर एडवोकेट दुर्गेश गुप्ता परिवार के साथ रहते हैं। छर्रे से जख्मी विश्वास गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह छत पर खेल रहा था। पड़ोस में रहने वाले रोहित और राहुल भी अपने घर की छत पर खेल रहे थे। राहुल और रोहित ने एयरगन दिखाते हुए कहा कि कहो तो चला दूं। बातचीत के दौरान अचानक गोली चल गई। जब तक वह कुछ समझता गोली का छर्रा आंख के पास जा लगा। इसके बाद खून निकलता देख विश्वास घबरा उठा। वहां से भागकर पिता के पास पहुंचा और बताया कि गोली लग गई है। पिता को लगा कि किसी बदमाश ने फायरिंग की है। इस पर उन्होंने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दे दी।

पुलिस पहुंची मौके पर

बच्चे को गोली मारे जाने की खबर पर सीओ कैंट विनोद सिंह व इंस्पेक्टर विपिन राय मौके पर पहुंच गए। सीओ घायल बच्चे को परिजनों को साथ लेकर अस्पताल पहुंचे। सीओ विनोद सिंह ने बताया कि मामला बच्चों से जुड़ा है। फिर भी अगर तहरीर मिलती है तो कार्रवाई होगी। वहीं दोनों पक्ष आपस में सुलह के प्रयास में जुटे थे।