-हरिद्वार शहर से रोज निकलता है पचास टन कूड़ा

-निगम के पास कूड़ा निस्तारण की ठोस योजना नहीं

-अक्सर वन्य जीव अक्सर कूड़े में भोजन तलाशते हैं

फोटो-1,2

HARIDWAR (JNN) : शहर से हर रोज निकलने वाले कचरे को हरिद्वार वन प्रभाग की सीमा पर डाला जा रहा है। जो वन्य जीवों के लिए खतरा बना गया है। वन्य जीव अक्सर कूड़े में भोजन तलाश रहे हैं। ऐसे में कोई भी विषैली वस्तु वन्य जीवों की जान ले सकती है। इस संबंध में वन विभाग और नगर निगम के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।

न विभाग न ही निगम को है ध्यान

हरिद्वार शहर में प्रतिदिन पचास टन कूड़ा निकलता है। नगर निगम के पास कूड़ा निस्तारण की ठोस योजना नहीं है। निगम की सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट योजना अभी तक धरातल पर नहीं उतरा है। निगम के पास डंपिंग जोन तक नहीं है। नगर निगम शहर से सटे वन क्षेत्र में कूड़े की डंपिंग करता है। अधिकांश कूड़ा पूर्वी गंगनहर के किनारे हरिद्वार-नजीबाबाद हाइवे पर कूड़े की डंपिंग करता है। हाइवे पर तिरछी पुलिया जहां पर कूड़ा डंप किया जाता है वह आरक्षित वन क्षेत्र है। कूड़े से पर्यावरण तो प्रदूषित हो ही रहा है। साथ ही वन्य जीवों के लिए सबसे अधिक खतरा बना गया है। हाथी, सांभर, चीतल, सुअर आदि वन्य जीव कूड़े में अपना भोजन ढूंढ रहे हैं। हर रात को बड़ी संख्या में यहां चीतल, सांभर आदि कचरे को खाते हुए दिख जाते है। लेकिन, इस पर न तो वन विभाग का ध्यान है और न ही नगर निगम का ध्यान। वन्य जीवों की सुरक्षा के नाम पर हजारों रुपए हड़पने वाली संस्थाएं भी घास छील रही हैं।

-----------

सांभर के पेट से निकली थी पॉलीथिन

डेढ़ साल पहले श्यामपुर क्षेत्र में एक सांभर की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के दौरान सांभर के पेट से काफी मात्रा में पॉलीथिन का कचरा निकाला, जिससे देख कर चिकित्सक भी हैरान रह गए थे।

------

वन्य जीवों के लिए शहर का कचरा व कूड़ा बेहद खतरनाक है। पॉलीथिन आदि से वन्य जीवों के जान जा सकती है। वन्य जीव बाहुल्य क्षेत्र में कूड़ा नहीं पड़ना चाहिए।

-अशोक कुमार, पशु चिकित्सक हरिद्वार

------

कूड़े के संबंध में हरिद्वार वन प्रभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया है। चंडी देवी मंदिर के निकट डाला जा रहा शहर का कूड़ा वन्यजीवों के लिए बेहद खतरनाक है। वन्य जीव आए दिन वहां कूड़े को खाते हुए दिख रहे हैं। कूड़े डालने पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।

-राजीव मेहता, वन्य जीव प्रतिपालक(अवैतनिक) राजाजी नेशनल पार्क

------

वन सीमा पर डाले जा रहे कूड़े के संबंध में वन विभाग ने नगर निगम को नोटिस जारी किया है। कूड़ा न डालने के लिए कहा गया है।

-संतराम, उप प्रभागीय वनाधिकारी हरिद्वार वन प्रभाग