RANCHI : एक तो काम का दबाव और ऊपर से सिस्टम में गड़बड़ी। प्रज्ञा केंद्रों में काम कराना आम लोगों के लिए मुश्किलों भरा साबित हो रहा है। चाहे आवासीय सर्टिफिकेट बनवाना हो या फिर जाति अथवा जन्म प्रमाण पत्र। आप दौड़ लगाते रह जाएंगे, पर समय पर शायद ही आपको सर्टिफिकेट मिल पाए। दरअसल, प्रज्ञा केंद्रों को नित्य नए काम सौंपे जा रहे हैं, पर यहां की तकनीकी व्यवस्था की खराबी दूर करने की पहल नही हो रही है। अक्सर सर्वर डाउन या लिंक फेल रहता है, जिस कारण समय पर मिले आवेदनों का निपटारा नहीं हो पा रहा है।

लंबित हैं हजारों आवेदन

प्रज्ञा सेंटर संचालकों ने बताया कि अक्सर लिंक फेल रहता है या सर्वर डाउन। इस वजह से ही काम की गति काफी धीमी हो जाती है। इतना ही नहीं, नए-नए काम भी सौंपे जा रहे हैं, लेकिन इसके लिए जरूरी तकनीकी सुविधाओं को मजबूत नहीं किया जा रहा है। ऐसे में आवेदन लंबित होते जा रहे हैं। इधर, रांची जिले में प्रज्ञा सेंटर के मैनेजर रविंद्र प्रसाद ने बताया कि कुछ नए प्रज्ञा केंद्र चालू किए जा रहे हैं। इसके बाद लोगों को परेशानियों से निजात मिल जाएगी।

लगानी पड़ रही दौड़

गुरूवार को आईएमए भवन के पास स्थित प्रज्ञा केंद्र में चंदवे से आए अनुज किंडो ने बताया कि वह अपने नाम में गलती सुधरवाने के लिए चार दिनों से दौड़ रहे हैं, लेकिन काम नहीं हो पा रहा है। जब आते हैं तो पता चलता है कि सर्वर डाउन है अथवा लिंक फेल। वहीं खेलगांव के शिव कुमार मुंडा भी आवासीय प्रमाण पत्र बनाने के लिए बार-बार प्रज्ञा केंद्र का चक्कर लगा रहे हैं। इन्होंने कहा कि जिस तरह की स्थिति प्रज्ञा केंद्रों की है, उससे समय पर सर्टिफिकेट मिलना नामुमकिन है।

प्री रजिस्ट्री का भी जिम्मा

जमीन समेत प्रॉपर्टी के रजिस्ट्रेशन के लिए एक अगस्त से नई व्यवस्था लागू की गई है। अब इसकी प्री रजिस्ट्री करानी होगी, जो प्रज्ञा केंद्रों से संचालित होगा। ऐसे में अब प्लॉट व फ्लैट की रजिस्ट्री के लिए आवेदकों को प्रज्ञा केंद्रों की दौड़ लगानी पड़ रही है। हर दिन प्रज्ञा केंद्रों में भीड़ उमड़ रही है। यहां आवेदन तो लिए जा रहे हैं लेकिन लिंक फेल होने की वजह से काम में विलंब होता जा रहा है।

प्रज्ञा केंद्रों में बनते हैं ये सर्टिफिकेट

आवासीय प्रमाण पत्र

जाति प्रमाण पत्र

आय प्रमाण पत्र

जन्म प्रमाण पत्र

मृत्यु प्रमाण पत्र

ड्राइविंग लाइसेंस

प्री रजिस्ट्री

ऑनलाइन म्युटेशन

कार टैक्स

आधार कार्ड

वोटर आईडी कार्ड

पासपोर्ट

पैन कार्ड

(इसके अलावे प्रज्ञा सेंटर से ऑनलाइन एफआईआर, इंश्योरेंस, एजुकेशन, स्किल्ड एजुकेशन, टेली हेल्थ सर्विस की पढ़ाई भी होती है। )