- भर्ती प्रक्रिया के नियमों को किया गया और भी सख्त, फिर नहीं मिलेगा मौका

- आज बलरामपुर, श्रावस्ती और सीतापुर के 6987 कैंडिडेट्स लगाएंगे दौड़

>BAREILLY: सेना भर्ती में फर्जीवाड़ा कर भर्ती का ख्वाब देख रहे कैंडिडेट्स को पकड़े जाने पर 5 वर्षो के लिए भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाएगा। सेना भर्ती मुख्यालय से जारी आदेश के बाद सेना भर्ती कार्यालय ने इस रूल को फॉलो करना शुरू कर दिया है। 1 अप्रैल से बरेली के जाट रेजीमेंट सेंटर पर सेना की भर्ती रैली आयोजित होने जा रही है। जिसमें हर दिन करीब 15 हजार कैंडिडेट्स के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसमें कोई फर्जीवाड़ा न हो इसके लिए सेना के विजिलेंस विंग मुस्तैद है ही, वहीं, मुख्यालय ने कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश जारी ि1कए हैं।

कैसा भी हो फर्जीवाड़ा

सेना के भर्ती अधिकारी के मुताबिक फर्जीवाड़ा किसी भी स्तर पर हो उस कैंडिडेट पर बैन का नियम लागू होगा। जरूरी नहीं कि फर्जीवाड़ा सिर्फ दलाल के माध्यम से ही हो। इसमें रजिस्टर्ड कैंडिडेट के स्थान पर किसी और के फिजिकल या रिटेन समेत मेडिकल अपीयरेंस, मार्कशीट से छेड़छाड़, डोमिसाइल में गड़बड़ी, हाइट बढ़ाने के लिए बिग लगाने, रनिंग के लिए डोपिंग का सहारा लेने, दलाल से सेटिंग या उससे लिंक्ड होने की जानकारी पर भी बैन का नियम लागू होगा। यह निर्देश सेना की होने वाली भर्तियों से दलालों और फर्जीवाड़ा को खत्म करने के लिए लागू किया गया है। ताकि ईमानदार छवि का कैंडिडेट ही देश सेवा में शामिल हो सके।

आज दौडेंगे 6987 कैंडिडेट्स

1 अप्रैल संडे को बलरामपुर, श्रावस्ती और सीतापुर के 6987 कैंडिडेट्स देश सेवा के लिए दौड़ लगाएंगे। 1 से 8 अप्रैल तक चलने वाली भर्ती प्रक्रिया जेआरसी ग्राउंड में संपन्न होगी। मेजर कुशाग्र ने बताया कि भर्ती के सारे इंतजाम पूरे हो चुके हैं। संडे भोर से ही भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। सैटरडे देर रात दो बजे कैंडिडेट्स का वेरिफिकेशन शुरू होगा। इसके बाद से रनिंग शुरू हो जाएगी। एक राउंड में दो सौ कैंडिडेट्स की रनिंग होगी। सुबह 10 बजे तक रनिंग प्रक्रिया समाप्त होने के बाद फिजिकल के अन्य राउंड्स फॉलो किए जाएंगे। सेना के अलावा प्रशासन ने भी भर्ती में किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़ा और अराजकता को रोकने के लिए कमर कस ली है।

एक नजर में तैयारी।

- सेना भर्ती ग्राउंड के अंदर और बाहर सीसी कैमरा लगाए गए हैं।

- सैटेलाइट से नकटिया नाला तक करीब 25 सीसीसी लगे हैं।

- ओल्ड बस स्टैंड, जंक्शन, चौराहे के सीसीसी एक्टिव हो गए हैं।

- सैटेलाइट बस अड्डे और नकटिया तक फ्री बस सेवा रहेगी।

- किसी भी स्टेज पर फेल कैंडिडेट तुरंत बाहर कर दिए जाएंगे।

- ग्राउंड पर दो 108 एंबुलेंस सेवा और डॉक्टर्स की टीम रहेगी।

- सेना के 300 जवान और जेसीओ भर्ती प्रक्रिया में रहेंगे एक्टिव।

- उत्तराखंड से आ रही दो टीमों की निगरानी में संपन्न होगी भर्ती।

- मार्कशीट इवैल्युएशन के लिए 4 टीचर्स ग्राउंड पर रहेंगे मौजूद।

- साफ-सफाई के लिए करीब सौ कर्मचारी की लगाई है ड्यूटी।

सेना भर्ती में फर्जीवाड़ा न हो सके इसके लिए प्रशासन और सेना ने पुख्ता निगरानी के इंतजाम किए गए हैं। फर्जीवाड़ा पाया गया तो एफआईआर समेत बैन की कार्रवाई होगी।

कर्नल जेएस धनोवा, डायरेक्टर, एआरओ