गुरुवार की सुबह विजय चौराहे पर हुई घटना

आरोपी को पब्लिक ने पकड़कर धुना, गंभीर

GORAKHPUR: विजय चौराहे के पास एक कंप्यूटर इंस्ट्टीयूट से क्लास कर लौट रही छात्रा पर सिरफिरे आशिक ने चाकुओं से हमला कर दिया। युवक के हमले से छात्रा घायल हो गई। छात्रा के शोर मचाने पर राहगीरों ने युवक को पकड़ लिया। लोगों ने पहले उसकी जमकर धुनाई की, फिर उसे पुलिस को सौंप दिया। गंभीर हाल युवक को पुलिस ने जिला अस्पताल में एडमिट कराया। छात्रों को भी परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया है। कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

काफी दिनों से कर रहा था परेशान

तिवारीपुर एरिया के अंधियारीबाग मोहल्ले की एक किशोरी विजय चौराहे के पास कंप्यूटर क्लास करने जाती है। उसी मोहल्ले का राहुल उससे एक तरफा प्रेम करता है। वह काफी दिनों से किशोरी पर प्रेम संबंध बनाने का दबाव बना रहा है। लेकिन किशोरी उसकी बातों को नजरअंदाज करती रही। गुरुवार सुबह किशोरी करीब सात बजे किशोरी इंस्टीट्यूट से लौट रही थी। तभी चाकू लेकर युवक ने उस पर हमला बोल दिया। ताबड़तोड़ चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। किशोरी के शोर मचाने पर लोग जुट गए। लोगों ने सिरफिरे को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया।

तिवारीपुर थाना पर हो चुकी है पंचायत

किशोरी पर हमले की सूचना पाकर दरोगा राजेंद्र कुमार फोर्स के साथ पहुंच गए। गंभीर हाल युवक को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया। छात्रा से बात कर उसके परिजनों को सूचना दी। छात्रा को भी परिजन जिला अस्पताल ले गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक काफी दिनों से किशोरी को परेशान कर रहा था। 20 दिन पूर्व उसने किशोरी की मां को धमकाया था। किशोरी के परिजनों को धमकाकर राहुल लापता हो गया। उसके अपहरण का आरोप किशोरी के घरवालों पर लगा। बाद में वह लौटकर आया तो तिवारीपुर थाना पर सुलह-समझौता कराया।

इश्क की सनक में हुआ पागल

किशोरी ने बताया कि आरोपी उससे एक तरफा मोहब्बत करता है। इसके पहले वह कई बार धमकी दे चुका है। वह अक्सर कहता है कि अपनी जान देकर उसकी भी जान ले लेगा। कई दिनों बाद पीछा कर अचानक उसने चाकुओं से हमला कर दिया। छात्रा ने कहा कि राहुल प्यार में सनक गया है। उधर आरोपी के परिजनों ने घटना के लिए किशोरी के घरवालों को जिम्मेदार ठहराया।

कहां गई एंटी रोमियो स्कवायड टीम

स्कूल-कालेज, कोचिंग सेंटर और बाजारों में छात्राओं, युवतियों और महिलाओं संग होने वाली बदसलूकी रोकने के लिए एंटी रोमियो स्कवायड टीम का गठन किया गया है। रोजाना गश्त कर टीम के सदस्य नजर रखते हैं। टीम बनने के बाद कुछ दिनों तक सक्रिय रही। धीरे-धीरे इस टीम का प्रभाव खत्म होने लगा है। विजय चौराहे के पास हुई घटना के बाद लोग यही कहते रहे कि आखिर एंटी रोमियो स्कवायड की टीम कहां चली गई।

वर्जन

एक तरफा प्यार में युवक ने हमला किया। चौराहे पर मौजूद लोगों ने युवक को पीटकर घायल कर दिया। इस मामले की जांच की जा रही है।

ब्रजेश सिंह यादव, प्रभारी एसओ, कोतवाली