फिरोजाबाद। जिला पंचायत के भाजपा प्रत्याशी राजीव यादव पर सपा समर्थकों के हमले के बाद विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कुछ लोगों ने शुक्रवार तड़के राजीव यादव के ताऊ पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला बोल दिया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है, वह आगरा में भर्ती हैं। पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

शिकोहाबाद के गांव भाड़री निवासी राजीव यादव उर्फ बाले जिला पंचायत के वार्ड 30 से भाजपा प्रत्याशी हैं। इसी वार्ड से सिरसागंज के सपा विधायक हरिओम यादव के पुत्र विजय प्रताप उर्फ छोटू भी प्रत्याशी हैं। बुधवार शाम विधायक हरिओम यादव के गांव गढ़सान में जनसंपर्क और प्रचार के दौरान राजीव यादव के काफिले पर सपा समर्थकों ने हमला बोल दिया था, जिसमें भाजपा प्रत्याशी से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई और वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। मामले में सपा विधायक के भतीजे सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। उसके बाद गुरुवार शाम भाजपा प्रत्याशी राजीव यादव के ताऊ रमेश यादव (60) भोजन करने के बाद घर से कुछ दूर स्थित अपने घेर में सोने चले गए। शुक्रवार तड़के करीब चार बजे कुछ लोगों ने उन्हें दबोच लिया और धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हमलावर उन्हें मरणासन्न अवस्था में छोड़ फरार हो गए। चीख-पुकार पर परिजन और ग्रामीण एकत्र हो गए। उनके पूरे शरीर पर अनगिनत वार किए गए। घटना स्थल पर खून पड़ा हुआ था। आनन-फानन राजीव परिजनों के साथ ताऊ को लेकर आगरा चले गए। वहां रेनबो हॉस्पिटल की आइसीयू में भर्ती रमेश यादव की हालत गंभीर है।

घटना के संबंध में भाजपा प्रत्याशी राजीव यादव ने तहरीर दी है। उनका आरोप है कि सपा विधायक हरिओम यादव और उनके पुत्र विजय प्रताप उर्फ छोटू ने साजिश के तहत उनके ताऊ पर जानलेवा हमला कराया है। तहरीर में उन्होंने भांड़री निवासी प्रशांत उर्फ लाला पुत्र राय सिंह, दिनेश पुत्र रनवीर सिंह, सत्यप्रकाश पुत्र गोरेलाल, विजय पाल पुत्र रामब्रेश और सिरसागंज के नगला मीर निवासी प्रेम पुत्र समौखेलाल को भी नामजद किया है।

फोटो- नौ

खुद पर हमले और ताऊ पर जानलेवा हमले के बाद भी भाजपा प्रत्याशी राजीव कुमार उर्फ बाले ने हिम्मत नहीं हारी है। शुक्रवार को उन्होंने मीडिया के समक्ष खुलकर कहा कि वह धमकियों और हमलों से नहीं डरेंगे। पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि गुरुवार रात सपा विधायक हरिओम यादव के भतीजे नागेंद्र अपने साथियों के साथ उनके घर पर आए और उन्हें डराया-धमकाया। राजीव के मुताबिक नागेंद्र ने कहा कि विधायक से पंगा लेना तुझे महंगा पड़ेगा।

इसके बाद सुबह चार बजे इन लोगों ने घर पर हमला बोल दिया। फिर ताऊ रमेश चंद्र (65) को धारदार हथियारों से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख पुकार पर जब परिवार के अन्य लोग दौड़े, तो हमलावर धमकी देते हुए भाग गए। बाले ने कहा वह गुंडई से डरने वाले नहीं हैं। इससे पहले भी उन पर हमला हुआ था। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अर¨वद पचौरी ने कहा कि जिला पंचायत चुनाव में भाजपा की लहर चल रही है। सपा के दिग्गजों को अपनी पत्नी, बच्चों और भतीजों को जिताने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ रहा है। जनाधार खिसकता देख सपा नेता बौखला गए हैं, जिससे वह ¨हसक घटनाओं पर उतारू हो गए हैं।

घटना से प्रांतीय और राष्ट्रीय नेतृत्व को भी अवगत करा दिया है। श्री पचौरी ने आरोप लगाया कि नसीरपुर थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके चलते हमलावरों के हौसले बढ़ गए हैं। वार्ता के समय पूर्व जिलाध्यक्ष सुमन प्रकाश मिश्रा, सुमन चतुर्वेदी, महेश राजपूत, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, कौशल कुमार, गजेंद्र सिंह, अमित गुप्ता, सोनी शिवहरे मौजूद रहे।

बागियों पर कार्रवाई होगी

जिलाध्यक्ष पचौरी ने कहा कि टिकट न मिलने पर जो कार्यकर्ता विपक्षी प्रत्याशियों के साथ झंडा लेकर चल रहे हैं, उनकी सूची तैयार कर ली गई है। शीघ्र ही उन पर कार्रवाई की जाएगी।