- ससुराल पक्ष से चल रहा विवाद, बयान दर्ज कराने आई थी महिला

- कचहरी रोड की घटना, आरोपी युवक महिला के पति का मित्र

मेरठ। ईस्टर्न कचहरी रोड पर शनिवार को सरेआम एक विवाहिता के अपहरण का प्रयास किया गया। सरेबाजार हुई इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया.तो वहीं महिला की चीख-पुकार सुनकर लोगों ने कार सवार एक आरोपी को धर दबोचा। बिजनौर निवासी महिला का ससुरालीजनों से विवाद चल रहा है। वह शनिवार को महिला थाने में बयान दर्ज कराने आई थी। आरोपी महिला के पति का दोस्त बताया जा रहा है।

लावड़ में है ससुराल

जानकारी के मुताबिक बिजनौर के मीरापुर निवासी युवती का निकाह आठ महीने पहले लावड़ निवासी अब्दुल्ला से हुआ था। कुछ दिनों से ससुराल वालों ने दहेज की मांग के चलते उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद वह मायके में रह रही थी। उसने ससुराल पक्ष के खिलाफ पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था। शनिवार को उसे महिला थाने में बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया था। जहां ससुराल पक्ष के लोग भी आए थे।

ईस्टर्न कचहरी रोड पर घेरा

महिला थाने में बयान दर्ज कराने के बाद पीडि़ता अपनी मां के साथ ई-रिक्शा से जा रही थी। ईस्टर्न कचहरी रोड पर उसे कार सवारों ने रोककर अपहरण का प्रयास किया। उसके शोर मचाने पर स्थानीय लोग एकत्र हो गए। भीड़ के पहुंचने पर कार सवार भाग निकले। एक आरोपी को लोगों ने दबोचकर जमकर पीटा।

पति का दोस्त निकला

अपहरण के प्रयास की सूचना पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर सिविल लाइन धीरज शुक्ला ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी पीडि़त महिला के पति अब्दुल्ला का दोस्त अताउल्ला है। पीडि़ता का मेडिकल कराने के बाद पुलिस तहरीर के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर रही है।