- कहीं रोड जाम करके नगर निगम की गाड़ी ने लगाया स्वागत बैनर, तो कहीं रोड पर बहाया गया पानी

GORAKHPUR: नगर विकास मंत्री आजम खान बुधवार को शहर में होंगे। इनके आगमन के पहले ही पब्लिक को मुसीबतों का सामना करना पड़ा। सोमवार को शहर के कई हिस्सों में नगर निगम स्वागत की तैयारी करता रहा। कई रास्तों पर नगर निगम की गाडि़यों से लगाए जा रहे स्वागत बैनर के कारण रास्ते जाम हो गए हो गए। वहीं पैडलेगंज से लेकर नौसढ़ चौराहा तक कई माह से बंद पड़े स्ट्रीट लाइट्स रातों-रात ठीक करा दी गई।

नगर निगम की गाड़ी से जाम

मंत्री के स्वागत में अधिक से अधिक बैनर और होर्डिग्स लगाने की होड़ में नेताओं के साथ ही साथ नगर निगम भी जुटा हुआ है। दिनभर निगम की गाडि़यां सड़क बंद कर नेताओं की होर्डिग्स लगाने में व्यस्त नजर आई, जिसके कारण सोमवार को शहर के कई रास्तों पर जाम लग गया। दोपहर 12 बजे के करीब नगर निगम के पथ प्रकाश विभाग की एक गाड़ी बीच चौराहे पर लगभग 45 मिनट तक खड़ी रही, जिसके कारण पूरा रास्ता बंद लगभग बंद हो गया था। यही हाल यूनिवर्सिटी चौराहे पर था, जहां यूनिवर्सिटी चौराहा से लेकर रेलवे म्यूजियम तक गाडि़यों का काफिला नजर आने लगा।

रोड पर बहाया पानी

एक तरफ पूरे देश में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। सामाजिक संगठन के लोग और सरकारें पानी बचाने के लिए आह्वान कर रही हैं, वहीं गोरखपुर नगर निगम प्रदेश के एक कद्दावर मंत्री के स्वागत में लिए तीन दिन से हजारों लीटर पानी डिवाइडर को चमकाने में बर्बाद कर डाला है। सोमवार की दोपहर टाउनहाल से लेकर कचहरी चौराहा तक के डिवाइडर को जलकल का टैंकर लगाकर धुला जा रहा था। एक कर्मचारी ने बताया कि हम लोग कुछ भी नहीं सकते हैं जो आदेश मिलता है, वही करते हैं। इस तरह देखें तो सोमवार को शहर में लगे दो टैंकर से नौ हजार लीटर पानी बर्बाद कर दिया गया।