- पति के साथ रिक्शे से जा रही थी महिला

- बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

आगरा। थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित दीवानी तिराहे के पर बाइक सवार बदमाश ने दम्पत्ति को निशाना बना लिया। बाइक सवार ने महिला के हाथ में लगा पर्स छीन लिया। महिला रिक्शे से गिरने से बची। पति ने बदमाश के पीछे दौड़ भी लगाई लेकिन बदमाश तेजी से भाग निकला। उस दौरान दम्पत्ति का बेटा साथ में था। घटना के बाद से वह दहशत में है। पीडि़त शिकायत लेकर थाना हरीपर्वत आए थे।

रिश्तेदारी में जा रहे थे

कूचा साधूराम फुलट्टी बाजार निवासी मुकेश गर्ग की हींग की मंडी में इलेक्ट्रीकल की दुकान हैं। मुकेश पत्नी रिचा गर्ग के साथ अपने रिश्तेदार के यहां जाने के लिए शनिवार की रात साढ़े आठ बजे निकले थे। पति-पत्नी रिक्शे में भगवान टॉकीज जाने के लिए सवार हुए। साथ में उनका 12 वर्षीय बेटा कृष्णा भी था। बेटा पिता की गोद में बेठा था। रिक्शा जैसे ही दीवानी के पास से निकला वैसे ही एक बाइक सवार बदमाश की नजर परिवार पर पड़ गई।

रिक्शे से गिरने से बची महिला

बाइक सवार बदमाश रिक्शे के बाराबर से आ गया। उसने रिचा के हाथ में लगा पर्स छीनने का प्रयास किया। उसने पर्स कसकर पकड़ लिया लेकिन बाइक सवार बदमाश ने पर्स को पकड़ कर झटका दे दिया। रिचा रिक्शे से गिरने से बची। बदमाश ने हाथ से पर्स छीन लिया और दीवानी के बराबर वाले रोड पर भाग निकला।

पति ने किया था पीछा

मुकेश ने घटना के बाद बदमाश का पीछा भी किया लेकिन बदमाश आंखों से ओझल हो गया। इस घटना से बेटा दहशत में आ गया। पीडि़त दम्पत्ति शिकायत लेकर थाना हरीपर्वत आए थे। पीडि़त दम्पत्ति के मुताबिक पर्स में पांच सौ रुपये, मोबाइल आदि सामान था।