- मनोरंजन कर विभाग को मिल चुका है बजरंगी भाईजान को टैक्स-फ्री करने का शासनादेश

- फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर ने जारी नहीं की टैक्स-फ्री शो की डिटेल, इस कारण सिनेमा हॉल्स को भी रिसीव नहीं कराया गया आदेश

- मनोरंजन विभाग के अफसरों को उम्मीद, शुक्रवार से शहर के चुनिंदा हॉल में टैक्स-फ्री दिखाई जाएगी मूवी

kanpur@inext.co.in

KANPUR : जिला प्रशासन की लेटलतीफी के चक्कर में बॉलीवुड फैन्स की जेब एक दिन और कट गई। सलमान खान की बजरंगी भाईजान को टैक्स-फ्री करने का आदेश रिसीव होने के बावजूद इसे सिनेमा हॉल को नहीं भिजवाया गया। इस कारण सलमान के फैन्स को फिल्म देखने के लिए टिकट की पूरी कीमत चुकानी पड़ी।

सुबह मिल गया था आदेश

प्रदेश सरकार ने ट्यूजडे को फिल्म बजरंगी भाईजान को टैक्स-फ्री करने की घोषणा की थी। मगर, आदेशों की कॉपी रिसीव नहीं होने की वजह से सिनेमा हॉल में फिल्म देखने के लिए दर्शकों को टिकट की पूरी कीमत चुकानी पड़ी। उप मनोरंजन कर आयुक्त महेन्द्र कुमार ने बताया कि फिल्म को टैक्स-फ्री करने संबंधी शासनादेश थर्सडे को रिसीव कर लिया है। मगर, इसे सिनेमा हॉल व मल्टीप्लेक्स वालों को फॉरवर्ड नहीं किया जा सका है।

डिस्ट्रीब्यूटर ने नहीं भेजी लिस्ट

शहर की सिंगल स्क्रीन व मल्टीप्लेक्स में मिलाकर बजरंगी भाईजान के 20 प्रिंट चल रहे हैं। मगर, इनमें से कितने प्रिंट टैक्स-फ्री चलाने हैं, इसकी सूचना जब तक फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर मुहैया नहीं कराता। तब तक यह शासनादेश सिनेमा हॉल व मल्टीप्लेक्स को रिसीव नहीं कराया जाता। उप मनोरंजन कर आयुक्त के अनुसार आम तौर पर डिस्ट्रीब्यूटर शुक्रवार को ही इस बाबत फैसला करते हैं। इसलिए ज्यादा उम्मीद है कि शुक्रवार 24 जुलाई को ही फिल्म के टैक्स-फ्री शो चलाने पर अंतिम फैसला हो।

देनी पड़ी पूरी कीमत

प्रशासन और फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर की खींचतान के चक्कर में बॉलीवुड फैन्स को मूवी देखने के लिए एक दिन और टिकट की पूरी कीमत चुकानी पड़ी। खास बात यह कि कानपुर में सिर्फ एक हफ्ते तक ही फिल्म के शो टैक्स-फ्री दिखाए जाएंगे। मनोरंजन कर अफसरों के अनुसार फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर के पास यह अधिकार होता है कि वह 3 महीने के अंदर-अंदर कभी भी एक हफ्ते के लिए मूवी को टैक्स-फ्री चला सकता है।

'फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर की ई-मेल का इंतजार किया जा रहा है। उसके बाद ही पता चलेगा कि कहां-कहां फिल्म टैक्स-फ्री चलाई जाएगी.'

- महेन्द्र कुमार, उप मनोरंजन कर आयुक्त