- पंचायत चुनाव में यूज होंगे 10 हजार बॉक्स

- त्योहार की छुट्टी पर भारी पड़ी इलेक्शन की तैयारी

GORAKHPUR : पंचायत चुनाव की तैयारी रक्षाबंधन पर भारी पड़ी। सैटर्डे को जहां कलेक्ट्रेट में चहुंओर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं पंचायत चुनाव सेल में कर्मचारी अपने कामों में मशगूल रहे। कर्मचारियों ने कहा कि इस बार फिर से इलेक्शन में बैलट बॉक्स का इस्तेमाल किया जाएगा इसलिए बैलट बॉक्स की मरम्मत शुरू करा दी गई है।

46सौ बूथ के लिए यूज होगी 10 हजार मतपेटी

जिले में पंचायत चुनाव के लिए करीब 46 सौ बूथ बनाए जाएंगे। एक मतदान केंद्र पर छह बूथ होंगे जिन पर चार कर्मचारियों की ड्यूटी होगी। एक पीठासीन और तीन सहायक कर्मचारी इलेक्शन में वोटिंग कराएंगे। इलेक्शन के लिए चल रही तैयारियों को अंतिम चरण में पहुंचाने के लिए काम तेजी से चल रहा है। जिले में सभी मतदान केंद्रों के लिए मत पेटिकाओं को सहेजकर उनकी मरम्मत कराई जा रही है। रंगाई के साथ-साथ उनकी आयलिंग कराई जा रही है।

छुट्टियां छोड़कर ड्यूटी पर जमे कर्मचारी

इलेक्शन की तैयारी में कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं। रक्षाबंधन के त्योहार के बावजूद कर्मचारी इलेक्शन सेल में बने रहे। इलेक्शन में मतदाता लिस्ट में आने वाली आपत्तियों की फीडिंग कराई जा रही है। फीडिंग के आधार पर आपत्तियों को दूर किया जाएगा। कर्मचारियों ने कहा कि इस बार ऐसी स्थिति बन रही है कि मतदाताओं की तादाद घट जाएगी। फर्जी तरीके से वोटर लिस्ट में शामिल नामों को हटाया जा रहा है।

इलेक्शन को लेकर सभी तरह की तैयारियां की जा रही हैं इसलिए ड्यूटी में सभी कर्मचारियों को मुस्तैद रहने के लिए कहा गया है। किसी तरह की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कुमार प्रशांत, सीडीओ