BAREILLY: दो महिलाओं के अकाउंट से ठगों ने हजारों रुपए निकाल लिए। बारादरी थाना एरिया के सूफी टोला में फर्जी चेक पर साइन कर महिला के अकाउंट से 32 हजार रुपए निकाल लिए गए तो कोतवाली एरिया में महिला टीचर के अकाउंट से ठगों ने 27 हजार रुपए ठग लिए। दोनों महिलाओं ने थानों में शिकायत की है। पुलिस मामलों की जांच में जुट गई है।

 

1- बैंक कर्मियों की मिली भगत का आरोप

सूफी टोला मोहल्ला निवासी शबाना परवीन पत्नी इमरान अहमद खान ने दी तहरीर में बताया कि उसका ओवरसीज बैंक में अकाउंट है। उसने वर्ष 2011 में आखिरी बार चेक का यूज किया था। उसके बाद कोई चेक किसी को नहीं दिया। लेकिन उसके दो चेक उसकी बहने के आबिदा सलीम की बेटी नेहा आरिफ ने चोरी कर लिए। इसके बाद फर्जी साइन बनाकर फातिमा ने अकाउंट से 32 हजार रुपए निकाल लिए। जब वह दिसम्बर वर्ष 2013 में बैंक गई तो उसे रुपए निकाले जाने की जानकारी हुई। पीडि़ता का आरोप है उसने बैंक कर्मियों से इसकी डिटेल मांगी तो उसे नहीं दी गई। परेशान होकर पीडि़ता ने थाने और बाद में एसएसपी के आदेश पर एफआईआर दर्ज करा दी है।

 

2- सिर्फ पैसे ट्रांसफर होने का आए मैसेज

नाजिमा नाज, आंवला में प्राइमरी टीचर हैं। उनका यस बैंक सिविल लाइंस में अकाउंट है। नाजिमा ने बताया कि ट्यूजडे शाम को उनके मोबाइल पर सबसे पहले 8 हजार रुपए निकलने का मैसेज आया। उसके बाद कई बार में उनके अकाउंट से 27 हजार रुपए निकल गए। जिसके बाद उन्होंने अकाउंट ब्लॉक कराया। जब उन्होंने बैंक में जाकर पता किया तो बताया गया कि फॉरेन से उनके अकाउंट से रुपए ट्रांसफर किए गए हैं। नाजिमा ने बताया कि उनके पास कोई भी पहले फोन नहीं आया था, सीधे पैसे कटने का मैसेज आया है। नाजिमा ने कोतवाली में तहरीर दी है।