- पूर्व में जुए को लेकर हो गया था विवाद

- छेड़खानी किए जाने को लेकर बढ़ा बवाल

आगरा। महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और फब्ती कसे जाने को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। बरातियों पर बमों से हमला किया गया वहीं दूसरे पक्ष के लोगों ने भी ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोलियों की तड़तड़ाहट से आस-पास क्षेत्र में दहशत फैल गई।

जुए को लेकर हुआ था विवाद

मिढ़ाकुर कस्बे में दो दिन पूर्व हुए जुए के विवाद ने शुक्रवार को तूल पकड़ लिया। जिससे जयपुर हाईवे पर दहशत और भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस भी असहाय बनी रही, कई थानों का फोर्स पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रण में किया जा सका। संघर्ष में दोनों पक्ष के पांच लोग घायल हुए हैं।

ये था मामला

मिढ़ाकुर निवासी कादिर और जारूल पक्ष के लोगों में दो दिन पूर्व जुआ खेलने को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। जिसे वहां मौजूद लोगों ने उस समय शांत करा दिया था। शुक्रवार को कादिर के दो भतीजों इरफान और इमरान की शादी थी। शाम लगभग साढ़े पांच बजे दोनों की बरात घर से निकलने के बाद पहले इबादतगाह फिर दुल्हनों के दर पर पहुंचनी थी।

छेड़छाड़ को लेकर हुआ बवाल

रास्ते में जारूल और उसके साथी डैनी आदि ने बरात में जा रही महिलाओं से छेड़छाड़ और अश्लील टिप्पणी कर दी। कादिर का पक्ष का आरोप है कि इसका विरोध करने पर जारूल और उसके साथियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जिससे बरातियों में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। इसी दौरान जारूल पक्ष के लोगों ने बम फिंकाई शुरू कर दी, जिससे जयपुर हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई।

असहाय बने रहे सिपाही

बताया जाता है कि कादिर पक्ष के लोगों ने फायरिंग कर दी। जिससे हाईवे पर वाहनों का आवागमन रुक गया। लोगों ने मिढ़ाकुर चौकी पर घटना की सूचना दी। सिपाही मौके पर पहुंचे लेकिन फायरिंग से अफरा-तफरी के चलते वह असहाय बने रहे। पुलिस को देख हमलावर वहां से भाग खड़े हुए। संघर्ष में घायलों में सगीर, शहजाद, काले समेत पांच लोग शामिल हैं। शहजाद और काले की हालात गंभीर बताई गई है। सीओ अछनेरा करूणाकर राव ने बताया दोनों पक्षों में पुराना विवाद था। इसी दौरान दूसरे पक्ष की बारात पर हमला कर दिया। हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

दूल्हों ने छिपकर बचाई जान

बरात पर बम फिंकाई और फायरिंग होने से दहशतजदा दूल्हों इरफान और इमरान ने इबादतगाह में छिपकर अपनी जान बचाई। दोनों बेहद डरे हुए थे। फोर्स पहुंचने के बाद पुलिस ने बाहर निकाला। उनको घर तक सुरक्षित पहुंचाया।