- जाते हुए मन की बात कह गए पूर्व डीएम पंकज यादव

- अपने कार्यकाल के दौरान लिए गए निर्णयों का असर नहीं देख सके

BAREILLY: चुनाव आयोग के निर्देश पर फ्राइडे देर शाम डीएम पद से हटाकर वेटिंग लिस्ट में रखे गए बरेली के पूर्व डीएम पंकज यादव ने सैटरडे को प्रेसवार्ता में अपने मन की बात की। उन्होंने कहा कि वह सिविल एंक्लेव का निर्माण कार्य समेत ट्रांसपोर्ट नगर को अपने कार्यकाल में बसाना चाहते थे। लेकिन वे ऐसा नहीं करा सके। हालांकि लाल फाटक और चौपुला ओवरब्रिज के लिए बजट जारी करा देना भी वह उपलब्धि मानते हैं।

जनसंख्या विकास में बाधक

किसी भी जिले या शहर के लिए एक निश्चित बजट मिलता है। लाभार्थी परक योजनाओं का भी दायरा होता है। उसी के हिसाब से योजनाओं का लाभ दिया जाता है। लेकिन हर दिन बढ़ रही जनसंख्या के हिसाब से सभी को फायदा पहुंचा पाना संभव नहीं है। पिछली जनगणना में बरेली की जनसंख्या 44 लाख से बढ़कर करीब 50 लाख तक पहुंच गई है। ऐसे में कहीं न कहीं जनता प्रभावित हो रही है। इससे तमाम समस्याएं पनप रही हैं। जनसंख्या नियंत्रण होने से विकास का पहिया तेजी से घूमेगा।

लॉ एंड ऑर्डर जरूरी

प्रेसवार्ता में उन्होंने लॉ एंड ऑर्डर को अपने समय में मेनटेन रखने की बात कही। कई बड़े हंगामे को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की फौरी एक्शन से काबू करने की बात कही। कहा कि लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन होने से जनता सुखी रहती है। जिलाधिकारी अथवा किसी भी अधिकारी के निर्णय का असर करीब साल भर बाद दिखाई देता है। उन्हें इस बात का हमेशा मलाल रहेगा कि, उन्हें बरेली की जनता की सेवा के लिए कम समय मिला।