- कोटेदार, प्रधान की पिटाई से निर्वस्त्र हुई महिला

- चिलुआताल एरिया के मुडि़ला गांव में हुई घटना

GORAKHPUR: पेट भरने के लिए राशन मांगने के बदले में कोटेदार और प्रधान ने पीटकर अधमरा कर दिया। प्रधान और कोटेदार की ज्यादती में महिला के बदन से कपड़े उतर गए। दबंगई से बेबस गांव के लोग बीच बचाव से कतराते है। मामले की जानकारी पाकर पहुंची पुलिस रिस्पांस व्हीकल के कर्मचारियों ने आरोपियों को पकड़कर चिलुआताल पुलिस के हवाले कर दिया। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। उधर झंगहा एरिया में गर्म राड से पत्‍‌नी को दागने वाले पति के खिलाफ शिकायत लेकर थाने गए लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।

राशन कार्ड खत्म होने का दिया हवाला

मुडि़ला उर्फ मुड़ेरी गांव में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान है। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे गांव की एक महिला राशन लेने दुकान पर पहुंची। राशन कार्ड की डेट खत्म होने की बात कहकर कोटेदार ने अनाज देने से मना कर दिया। इस बात की उलाहना लेकर महिला एक प्रधान के पास पहुंची। आरोप है कि प्रधान ने महिला को अपशब्द कह दिए। इसका प्रतिकार करने पर महिला की पिटाई करने लगे। बीच बचाव करने पहुंचे महिला के बेटे को भी पीटा। महिला के बेटे ने किसी तरह से पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो आरोपी प्रधान और अन्य को पकड़कर थाने ले गई।

सड़क जाम करके किया प्रदर्शन

कोटेदार, प्रधान पर ज्यादती का आरोप लगाते हुए पब्लिक सड़क पर उतर गई। लोगों ने गोरखपुर-महराजगंज रोड जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पब्लिक के सड़क पर उतरने की सूचना पाकर पुलिस हरकत में आई। लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह से सड़क जाम हटाया। इस दौरान गोरखपुर-महराजगंज रोड पर करीब एक घंटे तक आवागमन ठप रहा। उधर झंगहा एरिया की एक महिला ने पति पर राड गर्म करने दागने का आरोप लगाते हुए सूचना दी। बताया कि उसका पति आए दिन उत्पीड़न करता है। तीन पहले उसने गर्म राड से महिला को जला दिया। तभी से महिला थाने का चक्कर लगा रही है। शुक्रवार को उसके मायके लोग शिकायत लेकर थाने पहुंचे। आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने महिला के मायके वालों को बैठा लिया। इसकी जानकारी होने पर लोग गुस्सा हो गए।