- योजना के तहत सभी जिलों में चलाए जाएंगे जनजागरूकता कार्यक्रम

DEHRADUN: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर केंद्र सरकार द्वारा देशभर में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना शुरू करने की घोषणा के साथ ही उत्तराखंड में भी राज्य सरकार ने इसे सभी जिलों में लागू कर दिया है। योजना के तहत सभी जिलों में जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इसके लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है।

लोगों को किया जाएगा जागरूक

राज्य में 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' योजना की मुहिम अभी तक हरिद्वार, देहरादून, पिथौरागढ़, चंपावत, टिहरी व चमोली जिलों तक ही सिमटी हुई थी। अब केंद्र सरकार की घोषणा के अनुरूप इसे सभी 13 जिलों में लागू किया गया है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग इस योजना के संचालन के लिए कार्ययोजना तैयार करने में जुट गया है। अब जल्द ही सभी जनपदों में अभियान चलाकर लोगों को बेटी बचाने और पढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रेखा आर्य के अनुसार अभियान के तहत सभी जिलों से लिंगानुपात के सही आंकड़े जुटाए जाएंगे। फिर इसी के आधार पर जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ ही शिक्षण संस्थानों, पंचायतों, नगर निकायों व अन्य महकमों का भी सहयोग लिया जाएगा।