लाचारी और बेबसी दिखाकर दो को ठगा

DEHRADUN: राजधानी में कोतवाली थाना क्षेत्र की अलग-अलग जगहों पर सम्मोहित कर ठगी करने के दो मामले सामने आए हैं। यह कोई पहली बार नहीं है, इससे पूर्व भी राजधानी में कई लोग इन सम्मोहन करने वाले लोगों के झांसे में आकर अपने आभूषण और अपनी गाढ़ी कमाई को लूटवा चुके हैं। स्वयं की जिम्मेदारी न होने के चलते अक्सर यह मामले बढ़त की ओर हैं। बहरहाल गुरुवार को दो मामले ऐसे ही सामने आए हैं।

लैपटॉप चोरी होने का दिया हवाला

पहला मामला कोतवाली क्षेत्र हनुमान चौक का है। पीडि़त कमलेश कुमार निवासी सुंदरवाला ने तहरीर में बताया कि वह गुरुवार को हनुमान चौक स्थित किसी दुकान पर खरीदारी करने जा रहा था। इस बीच उसे एक लड़का मिला। जिसमें कहा कि उसका लैपटॉप चोरी हो गया है। लेकिन घर पर पता लगने पर उसे डांटा और मारा जाएगा। भावुक होकर कमलेश उनसे बात करने लगा। इस बीच एक दूसरा लड़का वहां पर आ गया। उसने भी कमलेश से लड़के की मदद करने को कहा। कमलेश ने लड़के को मदद का भरोसा दिया। लड़के ने कमलेश को झांसे में लेकर उससे एक सोने की चेन और अंगूठी ठग ली। कुछ देर बाद दोनों लड़के मौके से फरार हो गए। कमलेश ने मामले में पुलिस को तहरीर दी है।

नौकरी जाने का दिया झांसा

दूसरा मामला भी कोतवाली क्षेत्र तहसील चौक का है। पुलिस के मुताबिक केएस दरयाल निवासी इंद्रानगर ने दी तहरीर में बताया कि वह किसी काम से तहसील की ओर जा रहा था। इस बीच उसके पास एक लड़का आया। उसने कहा कि वह यहां स्थित किसी प्रतिष्ठान में काम करता था। जिसे मालिक ने निकाल दिया है उसके पास घर जाने तक के पैसे नहीं हैं। बताया जा रहा है कि लड़के की बातों में आकर केएस दरयाल ने उसे अपनी दो सोने और तीन तांबे की अंगूठियां दे दी। अपने साथ अप्रिय घटना का अंदेशा जताते हुए व्यक्ति ने इस बात की शिकायत पुलिस से की है। कोतवाल बीबीडी जुयाल ने बताया कि दोनों मामले ठगी के हैं। मामलों में मुकदमा पंजीकृत किए जाने के बाद जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।