श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया गुरुनानक देव जी का प्रकाशोत्सव

VARANASI

सिख धर्म के संस्थापक व पहले गुरु श्री गुरुनानक देव जी महाराज का भ्ब्7 वां प्रकाशोत्सव बुधवार को पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरुबाग में दिन भर सबद-कीर्तन के बोल गूंजते रहे। सुबह फ्.फ्0 बजे गुरुग्रंथ साहिब जी का भव्य सुहाना स्वागत फूलों से सजी पालकी में भजन-कीर्तन के बीच किया गया। हजारों की संख्या में संगतों ने फूलों की वर्षा की। उसके बाद नाम सिमरन कीर्तन का आयोजन हुआ जो दोपहर एक बजे तक चलता रहा। गुरुनानक इंग्लिश स्कूल व गुरुनानक खालसा स्कूल गुरुबाग की छात्राओं ने कीर्तन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय कर दिया। इस अवसर पर पंथ के रागी भाई हरनाम सिंह, भाई कमलजीत सिंह जी शांत, भाई नरेन्द्र सिंह जी, भाई सुखविंदर सिंह जी ने गुरुवाणी कीर्तन की बरसात की। गुरुद्वारे में लोगों को पहुंचने का क्रम सुबह से शुरू हो गया था। इस अवसर पर गुरुद्वारे में बिजली की आकर्षक सजावट की गई थी। लोगों ने अपने घरों को भी दियों से सजाया।

श्रद्धालुओं ने छका लंगर

गुरु पर्व आयोजित अटूट लंगर में हजारों ने गुरु का प्रसाद ग्रहण किया। दिन में शुरू हुआ लंगर शाम तक चला। छोटा-बड़ा, ऊंच-नीच, अमीर गरीब के भेदभाव को दरकिनार कर लोगों ने पूरे श्रद्धा और विश्वास से लंगर छका। शाम को धार्मिक कार्यक्रमों के अलावा कल्चरल प्रोग्राम्स के भी आयोजन हुए। इनमें कथा, कीर्तन, आरती के अलावा आतिशबाजी का उपस्थित लोगों ने आनंद लिया।