- बीएचयू के स्थापना दिवस पर स्थापना स्थल पर पूजन के बाद निकलेंगी झांकियां

- झांकियों में बीएचयू की उपलब्धियों का होगा बखान

VARANASI

बीएचयू का 102वां स्थापना दिवस सोमवार को मनाया जायेगा। बसंत पंचमी के दिन 1916 में इस विश्वविद्यालय की स्थापना की गई थी। इसी को आधार मानकर हर साल बसंत पंचमी पर स्थापना दिवस मनाया जाता है। आयोजन के तहत 22 जनवरी को सुबह नौ बजे से 27 झांकियां के जरिये महामना के सपनों का साकार रूप निखरेगा। करीब 3900 एकड़ में फैले इस विश्वविद्यालय के सभी परिसरों के सैकड़ों शिक्षक, विद्यार्थी व कर्मचारी विभिन्न रूपों में शामिल होंगे।

निखरेगी नारी शक्ति

स्थापना दिवस पर इस बार बीएचयू देश की नारी शक्तियों का बखान करेगा। इसमें महिला महाविद्यालय की छात्राएं ऐश्वर्या राय, डिंपल यादव, देश की रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमन, मदर टेरेसा सहित समुद्री यात्रा पर निकली देश की कई बेटियों का भी विभिन्न रूपों में दिखेंगी। इसको लेकर रविवार को महिला महाविद्यालय के लॉन में प्रिंसिपल प्रो। संध्या सिंह कौशिक, झांकी समन्वयक डॉ। राजीव मिश्रा के नेतृत्व में अभ्यास किया। महाविद्यालय की छात्राएं देश की सशक्त महिलाओं का रूप धारण कर 'अतुल्य स्त्री सशक्तता' की थीम पर झांकी प्रस्तुत करेंगी।

सुपर स्पेशियलिटी काम्पलेक्स भी

आयुर्वेद संकाय के प्रो। आनंद चौधरी के देखरेख में चिकित्सा विज्ञान संस्थान की झांकियां निकलेंगी। इस बार प्रधानमंत्री के प्रोजेक्ट शताब्दी सुपर स्पेशियलिटी कॉम्पलेक्स को भी झांकी में रखा गया है। साथ ही हाल ही में शुरू हुई टेलीमेडिसिन सेवा को भी झांकी में स्वरूप दिया गया है। इसके अलावा विभिन्न संकायों की ओर से तमाम मुद्दों को दर्शाती झांकियां निकाली जाएंगी। सुबह ट्रामा सेंटर के पास स्थित स्थापना स्थल पर पूजन हवन का आयोजन होगा। इसके बाद कैंपस में विभिन्न जगहों पर वाग्देवी पूजन का कार्यक्रम होगा। नौ बजे से बीएचयू की उपलब्धियों की बखान करती झांकियां निकलेंगी।