VARANASI

बीएचयू के रजिस्ट्रार नीरज त्रिपाठी अगले दो महीने के लिए बीएचयू के एक्टिंग वीसी होंगे। वीसी प्रो। गिरीश चंद्र त्रिपाठी अपना कार्यकाल पूरा होने से दो माह पूर्व बेमियादी छुट्टी पर चले गए हैं। न्यूज एजेंसी प्रेस ट्रस्ट के हवाले से मिली खबर के अनुसार एचआरडी मिनिस्टर प्रकाश जावड़ेकर ने मंगलवार को दिल्ली में मीडिया को बताया कि प्रो। त्रिपाठी का आवेदन प्राप्त हो चुका है। वह छुट्टी पर चले गये हैं। बतौर वीसी प्रो। त्रिपाठी का कार्यकाल ख्7 नवंबर को पूरा हो रहा था। इस बीच वह सोमवार को व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए छुट्टी पर चले गए। उन्होंने अपना चार्ज रजिस्ट्रार नीरज त्रिपाठी को सौंपा है। रजिस्ट्रार नीरज त्रिपाठी नई नियुक्ति होने तक कुलपति का अतिरिक्त पदभार संभालते रहेंगे। बीएचयू एक्ट के मुताबिक यूनिवर्सिटी के वीसी अगर अवकाश पर जाते हैं तो उनका कार्यभार रेक्टर संभालता है लेकिन रेक्टर के न होने पर विश्वविद्यालय का रजिस्ट्रारकार्यवाहक कुलपति होता है।

 

नहीं संभाल पाये हालात

बीएचयू के वीसी प्रो। त्रिपाठी एक छात्रा के साथ हुए छेड़खानी व उसके बाद हुए बवाल को संभाल पाने में नाकाम साबित हुए। बीएचयू में बड़ा बवाल हुआ। इसे लेकर वीसी तीखी आलोचनाओं के शिकार हुए। उनकी बेमियादी छुट्टी की वजह भी यही रही है। एचआरडी मिनिस्ट्री के सूत्रों के मुताबिक छेड़छाड़ को लेकर छात्राओं के विरोध और उसके बाद भड़के बवाल को संभालने में वीसी प्रो। त्रिपाठी के लचर रवैये के कारण केंद्र सरकार काफी नाखुश है। इस बात से प्रो। त्रिपाठी को अवगत करा दिया गया था। खास बात यह भी रहा कि छात्राओं के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस के लाठीचार्ज में दो पत्रकार भी चोटिल हुए थे। इसको लेकर भी देश भर में खासा आक्रोश रहा।