भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, भ्रष्टाचार की कमर तोड़ेगी मोदी सरकार

17 ओबीसी जातियों को दलित कोटे में शामिल करने के अखिलेश के प्रयास को बताया सियासी नौटंकी

Meerut: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगर कांग्रेस, सपा एवं बसपा समेत तमाम दलों को नोटबंदी गलत लगती है तो भ्रष्टाचार मिटाने के लिए भाजपा ऐसी गलती बार-बार दोहराएगी। सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 17 जातियों को एससी में शामिल करने को चुनावी पैंतरा बताया। कहा कि सपा का जहाज डूब चुका है। ऐसे में पार्टी आनन-फानन में हवाई घोषणाएं कर रही है।

सूबे में होगा परिवर्तन

शुक्रवार को किला परीक्षितगढ़ रोड स्थित रुकनपुर भट्ठा गांव में आयोजित ओबीसी सम्मेलन को संबोधित करते हुए केशव मौर्य ने कहा कि प्रदेश 14 वर्ष से सपा व बसपा के बीच पिस रहा है। इससे अब निजात तय है। सूबे में परिवर्तन की बयार चल रही है। कहा कि वर्ष 2014 में मोदी के रूप में देश को होनहार प्रधानमंत्री मिला, जबकि अब प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की बारी है। दावा किया कि मोदी के नेतृत्व में देश में भ्रष्टाचारमुक्त माहौल तेजी से बन रहा है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को विकास की राह में सबसे बड़ा बैरियर बताया। कहा कि अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की तमाम कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचने नहीं दिया।

महिला सुरक्षित नहीं

जिस प्रदेश को देश का सबसे विकसित सूबा बनना चाहिए था, वह विकास के निचली पायदान पर खड़ा है। कहा कि जनता ने लोकसभा चुनावों में साइकिल पंक्चर कर दी, जबकि अब इसे खंड-खंड कर सैफई भेजने का समय आ गया है।

प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश राज में बहू-बेटियां कोई भी सुरक्षित नहीं हैं। थानाध्यक्ष एवं पुलिस अधिकारी सपा कार्यकर्ताओं की तरह काम करते हैं। तंज किया कि अब प्रदेश में पुलिस माफिया से डरती है। युवा प्रदेश से पलायन कर रहे हैं। उद्योग पनप नहीं पा रहे, और प्रदेश में निवेश पूरी तरह बंद है। अखिलेश सिर्फ विज्ञापन के मुख्यमंत्री बनकर रह गए हैं।

भाजपा की सरकार बनेगी

नोटबंदी पर कहा कि मोदी ने भ्रष्टाचारमुक्त भारत का सपना देखा है, जबकि विरोधी दल इसे जनता के खिलाफ बता रहे हैं। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह बचकाना बयानबाजी करते हुए लोगों की नजर में अपना कद खोते जा रहे हैं। दावा किया कि नोटबंदी के बाद आतंकवाद और नक्सलवाद की कमर टूट गई। अखिलेश पर हमला बोलते हुए कहा कि वह विदाई की बेला में रोजाना दर्जनों स्थानों पर लोकार्पण कर रहे हैं। भाजपा ने पहले 265 प्लस का लक्ष्य तय किया था, किंतु प्रदेश की बयार देखते हुए अब तीन सौ से ज्यादा सीटों पर जीत तय है। अध्यक्षता शिवकुमार राणा ने की, जबकि क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी और जसवंत सैनी विशिष्ट अतिथि रहे। सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, सूर्यप्रकाश पाल, लोकेश प्रजापति, सोमेंद्र तोमर, अजीत सिंह, हरवीर पाल, संदीप प्रधान, हरपाल सैनी समेत कई अन्य नेता इस मौके पर मौजूद थे।