क्कन्ञ्जहृन्: मक्का की बेहतर खेती के लिए बिहार को वर्ष 2015-16 के कृषि कर्मण पुरस्कार से नवाजा गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली के पूसा स्थित भारती कृषि अनुसंधान संस्थान में आयोजित समारोह में यह पुरस्कार दिया। बिहार का पुरस्कार कृषि मंत्री डॉ। प्रेम कुमार ने ग्रहण किया। पुरस्कार में प्रशस्ति पत्र, ट्राफी एवं पांच करोड़ की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

मक्का की सर्वाधिक उत्पादकता प्राप्त करने वाले खगडि़या जिले के दो किसानों को भी सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में गोगरी प्रखंड के गौछारी गांव के अनिल कुमार एवं महिला वर्ग में परबत्ता प्रखंड के कुल्हडि़या गांव की नीलम कुमारी को भी कृषि कर्मण पुरस्कार दिया गया। अनिल कुमार ने 149.60 क्विंटल प्रति हेक्टेयर मक्के का उत्पादन किया, जबकि नीलम कुमारी ने 137 क्विंटल की दर से उत्पादन किया। दोनों किसानों को पुरस्कार के रूप में एक-एक प्रशस्ति पत्र एवं दो-दो लाख रुपये दिए गए। इसी तरह भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के औरंगाबाद स्थित कृषि विज्ञान केंद्र को भी पुरस्कार के रूप में दो लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र दिए गए। केंद्र के प्रमुख डॉ। नित्यानंद सिंह ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। इस दौरान केंद्रीय किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह, कृषि उत्पादन आयुक्त सुनिल कुमार सिंह, विभाग के प्रधान सचिव सुधीर कुमार एवं कृषि निदेशक हिमांशु कुमार राय भी मौजूद थे।