PATNA : एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) ने बिहार में रोड सेक्टर में हो रहे काम को देश में सबसे अव्वल माना है। एडीबी ने बिहार को प्रथम पुरस्कार के लिए चुना है। शनिवार को दिल्ली में पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार को यह अवॉर्ड दिया जाएगा। पुरस्कार बिहार राज्य पथ विकास निगम (बीएसआरडीसी) द्वारा तीव्र गति से रोड प्रोजेक्ट पूरा करने के लिए मिला है। बीएसआरडीसी एडीबी के ऋण से बिहार में स्टेट हाईवे का निर्माण करा रहा है। इस वर्ष जनवरी से अब तक पांच सड़कों का निर्माण कार्य बिहार के अलग-अलग हिस्सों में पूरा हो गया है। इसमें कई सड़कें समय पर पूरी हुई है। साथ ही अगले छह महीने में कुछ और सड़कों का काम पूरा हो जाएगा।

बिदुपुर पुल सबसे बड़ा प्रोजेक्ट

कच्चीदरगाह से बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर बन रहे देश के सबसे बड़े पुल का निर्माण भी एडीबी के सहयोग से हो रहा है। रोड और पुल सेक्टर में यह बिहार की अब तक की सबसे बड़ी परियोजना है। एडीबी हर वर्ष पूरे देश में ऋण से बन रही परियोजनाओं का आकलन कर राज्यवार रैंकिंग करता है। इसमें ट्रांसपोर्ट सेक्टर और पावर सेक्टर की परियोजनाएं प्रमुख रूप से होती हैं। आकलन के तहत प्रोजेक्ट के पूरा होने की गति और उसकी क्वालिटी को ग्रेड दिए जाते हैं। बीएसआरडीसी को यह पुरस्कार स्टेट हाईवे के निर्माण के लिए मिला है।