RANCHI: ससुराल वालों ने घर से भगाया तो रांची में आकर बाइक चोरी करने लगा। यह कहानी उस मो शाहिद की हे, जिसे कुछ दिनों पहले ही लोगों ने रिम्स में बाइक चोरी करते हुए रंगेहाथ पकड़ा था। जमकर धुनाई करने के बाद बरियातू पुलिस के हवाले कर दिया गया था। रांची के बड़गाई में अपने ससुर के ननिहाल रहने वाले इस मो शाहिद को जब बाइक चोरी के आरोप में जेल भेजा जाने लगा, तो उसने अपनी कहानी पुलिस के समक्ष बयां कर दी।

क्या है कहानी

मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का निवासी मो शाहिद बड़गाई में अपनी बीवी व सात माह की बेटी के साथ रहता है। यहां उसके ससुर का ननिहाल है। मो शाहिद ने पुलिस को बताया कि उसने शरीफ बनकर चांडिल की एक युवती से निकाह किया था। इसके बाद काफी दिनों तक नौकरी की तलाश के नाम पर ससुराल में रहा। कई सालों बाद एक दिन ससुराल वालों ने उसे उसकी पत्नी के साथ अपने घर से निकाल दिया। साथ में उसकी सात माह की बेटी भी शामिल थी। जब वह ससुराल से निकाल दिया गया तो वह रांची में अपने ससुर के ननिहाल बड़गाई में आकर रहने लगा। उसने बरियातू थाना पुलिस को बयान दिया कि उसकी बेटी की तबीयत खराब रहती है। उसके पेशाब वाले रास्ते से ही मल भी निकलता है। वह उसी के इलाज के लिए बाइक की चोरी करता है और उसे बेच कर पैसे इकट्ठा करता है।

दर्जन भर बाइक चोरी की

उसने पुलिस के समक्ष यह भी स्वीकार किया कि रांची के रिम्स समेत कई स्थानों से दर्जन भर बाइक की चोरी की है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर नामकुम, ओरमांझी के चकला से चोरी की बाइक बरामद की थी। उसने कहा कि वह अन्य युवकों के साथ रांची से दर्जनों बाइक चोरी कर चुका है।