RANCHI: राज्य में अगले महीने अगस्त से बायोमीट्रिक सिस्टम युक्त मशीनों से राशन बंटना शुरू हो जाएगा। यह जानकारी खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से दी गई। नई व्यवस्था को लेकर सभी जिलों के उपायुक्तों व जिला आपूर्ति पदाधिकारियों के रांची में आयोजित प्रशिक्षण शिविर को मंत्री सरयू राय ने संबोधित किया। उन्होंने राज्य खाद्य सुरक्षा अधिनियम को लेकर सभी पदाधिकारियों को तत्पर रहने का निर्देश दिया।

फ‌र्स्ट फेज में रांची, खूंटी, हजारीबाग

बताया गया कि फ‌र्स्ट फेज में रांची, खूंटी, हजारीबाग, चतरा व जामताड़ा जिलों के सभी प्रखंडों में, गढ़वा के क्ब् प्रखंडों, सरायकेला के सात व पाकुड़ के चार प्रखंडों में पॉस मशीनों से राशन वितरण शुरू होगा। सेकेंड फेज में सितंबर से कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, साहेबगंज, बोकारो, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, रामगढ़, गुमला एवं सिमडेगा में जबकि थर्ड फेज में अक्तूबर से पलामू, लातेहार, प। सिंहभूम, दुमका, देवघर एवं गोड्डा जिले में बायोमीट्रिक प्रणाली से राशन बंटना शुरू होगा।

पूरी व्यवस्था कंप्यूटरीकृत

आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन व लाभुकों तक सही समय पर पूरी मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने को लेकर उपायुक्तों के साथ जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में श्रावणी मेला के कारण देवघर, दुमका और गोड्डा को छोड़ कर सभी जिलों के उपायुक्त प्रशिक्षण लेने पहुंचे। शिविर का उद्घाटन करते हुए मंत्री सरयू राय ने कहा कि नए सिरे से अधिकारियों को वैधानिक अधिकार मिल जायेंगे, ताकि लाभुकों को सही समय पर उचित मात्रा में राशन दिलाया जा सके। आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए एजेंसी का चयन हो चुका है, जिसके नियंत्रण में एफसीआइ गोदाम से राज्य खाद्य निगम के गोदाम तक और वहां से डीलरों तक सामग्री पहुंचाने की पूरी व्यवस्था कंप्यूटरीकृत होगी।