- बिस्कुट एजेंसी के मुनीम से वारदात

- उरुवा एरिया के मजनूं चौराहे की घटना

URWA/DHURIYAPAR उरुवा एरिया के मजनूं चौराहा के पास बदमाशों ने बिस्कुट एजेंसी के मुनीम को तमंचा सटाकर 17 हजार रुपए लूट लिए। घटना सोमवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई। 24 घंटे के भीतर क्षेत्र में लूट की दो वारदातों से पुलिस की पेशानी पर बल पड़ गए। पुलिस ने दावा किया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।

ओवरटेक करके बदमाशों ने लूटा

उरुवा कस्बे के धरम जायसवाल बिस्कुट की एजेंसी चलाते हैं। सोमवार को उनका मुनीम नंदलाल गाड़ी ड्राइवर प्रसिद्ध के साथ क्षेत्र में बिस्कुट की सप्लाई देने निकला। धुरियापार में कलेक्शन करके दोनों प्रतापीपुर-मुरारपुर जा रहे थे। मजनू चौराहे के पास बाइक सवार दो युवकों ने पिकअप गाड़ी को ओवर टेक करके रोक लिया। ड्राइवर और मुनीम कुछ समझ पाते। इसके पहले तमंचा दिखाकर बदमाशों ने उनके पास मौजूद 17 हजार छीन लिए। बदमाशों के भागने पर दोनों कर्मचारियों ने शोर मचाया। एजेंसी मालिक को घटना की जानकारी दी। एजेंसी संचालक की सूचना पर पुलिस कार्रवाई में जुट गई।

रविवार की शाम लूटी थी बाइक

24 घंटे के भीतर बदमाशों ने क्षेत्र में दूसरी वारदात की। रविवार की शाम तीन बदमाशों ने राहगीर की बाइक लूट ली थी। बांसगांव के करवनिया का अमरनाथ बथुआ गांव में अपने रिश्तेदार के घर गया था। शाम करीब छह बजे वह घर लौट रहा था। रास्ते में दशरथपुर पुल के पास मिले बदमाशों ने अमरनाथ को रोक लिया। तमंचा दिखाकर उसकी बाइक छीन ली। बाइक लुटेरों का पुलिस सुराग लगा पाती। इसके पहले बदमाशों ने बिस्कुट एजेंसी के मुनीम को निशाना बनाया। मुनीम को लूटने वाले दोनों बदमाशों में एक ने हेलमेट तो दूसरे ने गमछे से मुंह बांध रखा था। पब्लिक का मानना है कि लोकल बदमाशों का गैंग एक्टिव हुआ है।