-केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, जेपी नड्डा व स्मृति ईरानी पहुंची बनारस

-इलाहाबाद में रोड शो के बाद आए BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष

VARANASI

विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के पूर्वाचल के प्रत्याशियों का माहौल बनाने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री मंगलवार को पहुंचे। इलाहाबाद में रोड शो के बाद अमित शाह शाम छह बजे बनारस पहुंचे। कुछ ही देर बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी बनारस आ गए। उनसे पहले दोपहर में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और शाम करीब साढ़े चार बजे केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शहर में आ चुकी थीं।

पदाधिकारियों से ली जानकारी

भाजपा अध्यक्ष एयरपोर्ट से सीधे नगवां स्थित अमेठी कोठी पहुंचे। उन्होंने भाजपा काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों संग बैठक की। रात्रि प्रवास कर पूर्वाचल में चुनावी माहौल की नब्ज टटोलेंगे। उनके आगमन से पूर्व ही पीएम के संसदीय क्षेत्र सहित आसपास के जिलों में चल रही भाजपा कार्यकर्ताओं व टिकट से वंचित नेताओं की नाराजगी को थाम लिया गया है। पदाधिकारियों द्वारा इस स्थिति से भी शाह को अवगत करा दिया गया। माना जा रहा है कि बुधवार को बनारस से रवाना होने से पहले शाह पूर्वाचल की म्0 से अधिक सीटों पर विरोधी दलों की स्थिति व उनकी तैयारियों को लेकर भी मंथन करेंगे। पार्टी के लिए चुनाव के अंतिम दो चरणों की रणनीति को लेकर भी दिशा-निर्देश देंगे।

स्मृति ने साधा राहुल पर निशाना

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मंगलवार की शाम बनारस पहुंचीं। विमान देर से पहुंचने की वजह से मलदहिया में पूर्व निर्धारित महिला कार्यकर्ता सम्मेलन में ज्यादा वक्त नहीं दे पायीं। दस मिनट के संबोधन में उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधा। बोलीं, दशकों से अमेठी और रायबरेली पर गांधी परिवार ने ही राज किया लेकिन कोई विकास नहीं किया। अब मोदी वहां का विकास कर रहे हैं। चलते-चलते मीडिया से मुखातिब केंद्रीय मंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि गुजरात का अपमान करने वालों को यूपी की जनता भी जवाब देगी। श्रीकाशी विश्वनाथ का दर्शन कर स्मृति बनारस से रवाना हो गई।

खूब होगा विकास

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा मंगलवार की दोपहर बनारस पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत महापौर रामगोपाल मोहले ने किया। नदेसर स्थित एक होटल पहुंचे नड्डा ने मीडिया से कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद से पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काफी विकास किया गया है। यूपी की जनता भी केंद्र द्वारा किए गए विकास को देख रही है। जनता हमारे साथ है। दावा किया कि अबकी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। होटल में देर शाम तक नड्डा से भाजपा पदाधिकारियों की मुलाकात व बैठक का सिलसिला जारी था।