बुद्धि-शुद्धि के लिए सुंदरकांड और हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन

बीजेपी नेताओं के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कराने का लगाया आरोप

allajhabad@inext.co.in

ALLAHABAD: विरोधियों को हराकर मेजा की विधायक बनी श्रीमती नीलम करवरिया अपनी ही सरकार के प्रशासन से खफा हैं। उन्होंने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों पर भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

हस्ताक्षर अभियान भी चला

प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बुधवार को अफसरों की बुद्धि शुद्धि के लिये संगम स्थित बड़े हनुमान मंदिर में सुंदरकांड के साथ हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष यमुनापार शिवदत्त पटेल, महामंत्री प्रहलाद तिवारी, जयशंकर पांडेय, सुधाकर शुक्ला, कामेश्वर पटेल, सुभाष, रमाकांत विश्वकर्मा, विभूति नारायण सिंह आदि मौजूद रहे। पाठ के साथ ही मंदिर में विधायक के परिवार वालों के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।

नहीं बदली अफसरों की सोच

विधायक नीलम करवरिया ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की बुद्धि-शुद्धि के लिए यह आयोजन किया गया है। क्योंकि अधिकारियों द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार तो बदली लेकिन अफसरों की सोच नहीं बदली है। अधिकारियों के निर्देश पर भाजपा नेताओं के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज किये जा रहे हैं। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि दस दिन के अंदर प्रशासनिक अधिकारियों के रवैये में सुधार नहीं होता है तो ऐसे आयोजन विधासनभा स्तर पर किए जाएंगे।