-मूल्य वृद्धि वापस लेने को दोपहर तक का अल्टीमेटम

-रात 12 बजे से केबल प्रसारण ठप करने की चेतावनी

-केबल आपरेटर संघ ने निकाला जुलूस, कलेक्ट्रेट पर हंगामा

मेरठ : केबल आपरेटर संघ ने डेन गैलेक्सी के कनेक्शन पर की गई 15 रुपये शुल्क वृद्धि को लेकर तीखे तेवर अपना लिए हैं। संघ ने सोमवार को कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। डेन गैलेक्सी एवं जिला प्रशासन के विरूद्ध नारेबाजी कर हंगामा किया। इसके बाद एडीएम सिटी एसके दूबे से वार्ता की। वार्ता में अल्टीमेटम दिया कि यदि मंगलवार दोपहर 12 बजे तक उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो रात्रि 12 बजे से हड़ताल कर वह प्रसारण ठप कर देंगे।

मूल्य वृद्धि का विरोध

शाम करीब चार बजे सैकड़ों केबिल आपरेटर जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने गत एक सितंबर से 15 रुपए की मूल्य वृद्धि का कड़ा विरोध किया। साथ ही डेन गैलेक्सी तथा प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि डेन गैलेक्सी द्वारा अभी तक 61.80 रुपए ही शुल्क लिया जा रहा था, अब यह 75 रुपए कर दिया गया है। जबकि दिल्ली और अन्य राज्यों में यह शुल्क 50 रुपए से भी कम है। उनकी मांग है कि शुल्क में की गई 15 रुपए की मूल्य वृद्धि तत्काल वापस हो। इसके साथ ही पूर्व निर्धारित शुल्क 61.80 रुपए को घटाकर 25 रुपए किया जाए।

एडीएम सिटी से मिले

साढे़ चार बजे संघ पदाधिकारियों की एडीएम सिटी दूबे से वार्ता हुई। वार्ता में संघ ने अपनी मांगे रखी। संघ पदाधिकारियों ने अल्टीमेटम दिया कि यदि मंगलवार को दोपहर 12 बजे तक उनकी मांगों का कोई हल नहीं निकला तो वह रात 12 बजे से हड़ताल पर चले जाएंगे। साथ ही डेन गैलेक्सी का प्रसारण पूरी तरह ठप कर देंगे। वहीं, एडीएम सिटी ने आश्वास्त किया कि उनकी मांगों पर पूरी गंभीरता से विचार किया जा रहा है। उन्होंने मंगलवार तक का समय मांगा।

दोनों पक्षों से वार्ता के निर्देश

प्रशासन ने सहायक आयुक्त मनोरंजन कर सोहन लाल वशिष्ठ को निर्देश दिए कि वह दोनों पक्षों से वार्ता करें। उनके साथ दोनों पक्षों की वार्ता कराएं। कहा कि किसी भी दशा में प्रसारण रोकने की कार्रवाई न करें, जिससे लोगों को परेशानी हो। आपरेटर संघ प्रवक्ता रविकांत ने बताया कि मांग पूरी न होने पर मंगलवार रात 12 बजे से अब प्रसारण ठप कर दिया जाएगा। वार्ता में अध्यक्ष सतीश नवल, पार्षद दिनेश कुमार, किरण सिंह, पवन कुमार, सुनील यादव, सलीम अंसारी, राजीव शर्मा, महेन्द्र भारती, हरेंद्र, संदीप शर्मा, अनुराग गोस्वामी व रविकांत आदि मौजूद रहे।

यह हैं आपरेटर संघ की मांगें

-शुल्क में की गई करीब 15 रुपए की वृद्धि तत्काल वापस हो

-पूर्व में निर्धारित किये शुल्क को घटाकर 25 रुपए किया जाए।

-बिना लाइसेंस डिश लगाने वाली कंपनी पर रोक लगाई जाए।