- पटाखे खरीदने निकले थे घर से दोनों भाई

- पुलिस मौत की वजह साजिश नहीं हादसा बता रही

LUCKNOW :

बंथरा में शुक्रवार शाम सड़क किनारे पानी से भरे गढ्डे में संदिग्ध परिस्थितियों में दो सगे भाइयों के शव मिले। उनकी बाइक भी गढ्डे में पड़ी थी और दोनों के मुंह से खून निकल रहा था। चर्चा है कि दोनों की हत्या कर उनके शव गढ्डे में फेंके गए हैं। जबकि पुलिस हत्या की बात से इनकार करते हुए इसे एक्सीडेंट बात रही है।

पिता ने की पहचान

बंथरा के बिजनौर सिसेंडी रोड पर गैस गोदाम के पास शुक्रवार शाम करीब 5 बजे रोड से करीब 20 मीटर दूर पानी से भरे गढ्डे में दो युवकों के शव और एक बाइक पड़ी मिली। युवकों के सिर पर गंभीर चोटें थीं। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना बंथरा पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आस पास के ग्रामीणों की भीड़ वहां जमा हो गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बंथरा के कमलापुर गांव निवासी किसान सरजू प्रसाद रावत ने दोनों की पहचान अपने बेटे राजगीर मिस्त्री मनोज और प्राइवेट जॉब करने वाले रंजीत के रूप में की। सरजू के मुताबिक मनोज और रंजीत एक ही बाइक से शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे घर से निकले थे।

पटाखा खरीदने निकले थे

सरजू प्रसाद ने बताया कि त्योहार में पूरा परिवार एक साथ जमा हुआ था। गोवर्धन पूजा की तैयारी चल रही थी। दोनों भाई बाइक से पटाखा खरीदने निकले थे। इस मामले में सरजू ने पुलिस को दुर्घटना की तहरीर दी है।

खाने के लिए कर रहे थे इंतजार

मनोज और रंजीत की मां आशा त्योहार के दिन परिवार को एक साथ खाना खिलाने के लिए सबका इंतजार कर रही थी। तभी अचानक शाम को दोनों की मौत की सूचना आ गई, जिस पर वो अचेत हो गिर पड़ीं। सरजू ने बताया कि दोपहर उनके दोनों बेटों ने कहा कि वह अभी थोड़ी देर में आते हैं। मां आशा ने खाना खाकर जाने को कहा तो उन्होंने कहा कि वे लौटने पर ही खाना खाएंगे। परिवार के लोग खाने के लिए उनका इंतजार कर रहे थे।