Meerut: विवादों से उप्र नव निर्माण सेना के प्रमुख अमित जानी का हमेशा का नाता है। विवादों से सुर्खियों में आए जानी ने गुरुवार एक नया विवाद और खड़ा कर दिया। कश्मीर में सुरक्षाबलों पर स्थानीय नागरिकों की पत्थरबाजी के खिलाफ अमित जानी ने होर्डिग बार शुरू कर दिया तो पहले होर्डिग पर ही पुलिस एक्शन में आ गई। एनएच 58 पर लगे होर्डिग में जानी ने 'भारतीय सेना पर पत्थर मारने वाले कश्मीरियों का बहिष्कार, कश्मीरियों यूपी उत्तर प्रदेश छोड़ो' लिखकर अपने फोटो के साथ एक बड़ा होर्डिंग लगाया है। इंस्पेक्टर परतापुर सुशील कुमार दुबे ने बताया कि चौकी इंचार्ज घाट विपिन की ओर से अमित जानी के खिलाफ धारा 153 ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जेएनयू में विवादित बयान देने वाले कन्हैया एवं अन्य पर हमले की साजिश में गत दिनों अमित जानी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था, फिलहाल वो जमानत पर है।