RANCHI : महानगरों की तरह रांची में भी लिव-इन-रिलेशन का ट्रेंड जिस तेजी से बढ़ रहा है, उसी गति से इसमें दरार भी आ रहा है। राज्य महिला आयोग व महिला हेल्प लाइन में हर हफ्ते तीन से चार मामले ऐसे मामले आ रहे हैं। लिव इन रिलेशन में धोखा और ब्रेकअप युवक व युवती दोनों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। इसमें सबसे ज्यादा धोखा लड़कियां खा रही हैं। वे इस रिश्ते में अपना सबकुछ गंवा देती हैं। ऐसे में कई को तो अपने ही घर में पनाह नहीं मिल पाती है। सिर्फ राज्य महिला आयोग में ही महीने भर में दो दर्जन से भी अधिक लिव-इन के मामले दर्ज हो चुके हैं।

नाबालिग लड़कियां ज्यादा

लिव-इन के मामलों में बड़ी संख्या में नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं। इनमें 19 साल से 22 साल तक की युवतियों की तादाद सबसे ज्यादा है। ऐसे में कम उम्र में लड़कियां मां भी बन रही हैं और बड़ी संख्या में एबॉर्शन भी करा रही हैं। इससे उनकी सेहत भी काफी प्रभावित हो रही है।

हर सोसाइटी में आ रहे केसेज

लिव-इन-रिलेशन के जो केसेज आ रहे हैं, उनमें ट्राइबल, नन ट्राइबल दोनों सोसायटी के लोग हैं। इनमें हर तबका व इनकम के लोग शामिल हैं। पढ़ाई करने वाले स्टूडेंट्स के अलावा जॉब करने वाले युवा भी लिव इन में रह रहे हैं। यहां साल छह माह में ब्रेकअप के कई मामले हैं। पिछले तीन साल में ऐसे केसेज में काफी तेजी आई है।

लिव-इन-रिलेशन में हत्याएं

14 जनवरी, 2018

गोंदा थाना एरिया में लिव -इन में डैम साइड की रहने वाली खुशबू कुमारी की हत्या उसके प्रेमी मोहन वर्मा ने कर दी थी। मोहन वर्मा धनबाद के लोयाबाद का रहनेवाला है। वह रांची के मेन रोड स्थित सिटी मार्केट में सेल्समैन का काम करता है। मोहन वर्मा और खुशबू कुमारी दो साल से एक दूसरे के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।

18 दिसंबर 2017

लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक-युवती की गुमला में ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला। दरअसल तहलू राम की बेटी के साथ नंदलाल लिव-इन रिलेशनशिप में रहता था।

14 नवंबर, 2016

लिव इन में रह रहे अरविंद कुल्लू ने अपनी गर्लफ्रेंड निशि का मर्डर कर खुद भी जान दे दी थी। घटना लालपुर इलाके में अंजाम दिया गया था। वे दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रहते थे।

6 जून, 2017

सुखदेवनगर की रहने वाली एक युवती ने अपने ही सहकर्मी पर शादी का प्रलोभन देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया था। दरअसल युवक व युवती एक ही पैथोलॉजी में काम करता थे। इसी दौरान दोनों की दोस्ती हुई। इसके बाद वे दोनों किराए के मकान में लिव-इन रिलेशन में रहने लगे थे। लेकिन, कुछ दिनों बाद युवक ने दूसरे से शादी रचाने की तैयारी कर रहा था तो पीडि़ता थाने पहुंच गई।