-मंडप में दूल्हा पक्ष के लोग करते रहे काफी देर दुल्हन के आने का इंतजार

BAREILLY: शहर के किला थाना क्षेत्र के एक मैरिज हाल में वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान ट्यूजडे रात खुशी का माहौल था। दूल्हा-दुल्हन ने एक दूसरे को वरमाला पहना दिया था। जब बात फेरों की आई तो पता चला कि दुल्हन गायब है। दरअसल, बेमेल शादी से दुल्हन सात फेरों से ठीक पहले ही भाग निकली। काफी देर तक जब दुल्हन पक्ष का कोई व्यक्ति मंडप पर नहीं पहुंचा तो दूल्हा पक्ष के लोगों ने पता किया तो पूरा माजरा समझ में आया। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां लड़की के पिता ने आरोपी प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लड़की और उसके प्रेमी की तलाश शुरू कर दी है।

मैरिज हॉल में थी शादी

पीलीभीत जिले के कोतवाली पकडि़या मोहल्ला निवासी टीनू नाम के युवक से लड़की का अफेयर चल रहा था। इसकी जानकारी जब लड़की के परिजनों को लगी, तो उन्होंने शहर के एक सर्राफ व्यापारी के साथ उसकी शादी तय कर दी। शादी करने के लिए लड़की के पिता ने किला थाना क्षेत्र के एक मैरिज हॉल को बुक किया था, जिसमें वह परिवार के साथ ट्यूजडे रात लड़की को लेकर शादी करने आए थे।

पहले से थ्ाी तैयारी

मैरिज हॉल शादी के लिए सजा था। रात को बैंड बाजा आदि से खुशी-खुशी सभी रस्में अदा हुई। जयमाल के समय दुल्हन ने दूल्हे को जयमाल भी पहनाई। जयमाल की रस्म के बाद दुल्हन अपने और दूल्हे के परिजनों को चकमा देकर प्रेमी के साथ फरार हो गई। जब मंडप पर फेरों के लिए दुल्हन को बुलाया गया तो काफी देर के बाद दुल्हन मंडप में नहीं पहुंची। इसके बाद दूल्हा पक्ष के लोगों ने पूछताछ की तो पता चला कि दुल्हन प्रेमी के साथ फरार हो गई है। दोनों के परिजनों ने दुल्हन को काफी तलाशा किया, लेकिन वह कहीं नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने मैरिज हॉल में लगी सीसीटीवी फुटेज को को खंगाला तो उसमें वह एक युवक के साथ जाती हुई दिखाई दी। लड़की के पिता ने तहरीर देकर थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया।